विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जेनसन हुआंग के समर्थन में एनवीडिया की भारतीय अधिकारी, भावुक पोस्ट में कहा- बहन के ब्रेन कैंसर के इलाज में की थी मदद

Published: Wed, 18 Nov 2026 02:26 PM (GMT+05:30)

एनवीडिया की भारतीय कर्मचारी वर्तिका सिंह ने विवादों के बीच जेनसन हुआंग की सराहना की है।

एनवीडिया विवाद के बीच जेनसन के समर्थन में आई भारतीय अधिकारी (फोटो क्रेडिट -@vartuattheghat)

एनवीडिया विवाद के बीच जेनसन के समर्थन में आई भारतीय अधिकारी (फोटो क्रेडिट -@vartuattheghat)

HighLights

  1. हुआंग ने वर्तिका की बहन के ब्रेन कैंसर इलाज में मदद की।

  2. वर्तिका ने हुआंग की असाधारण इंसानियत और नेतृत्व की तारीफ की।

  3. यह समर्थन हुआंग के सीईओ पद से इस्तीफे के बीच आया।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। जेनसन हुआंग के एक कथित चीनी जासूस के साथ संबंधों को लेकर चल रहे विवाद के बीच एनवीडिया की एक भारतीय कर्मचारी ने अपने पूर्व बॉस की तारीफ की है।

एनवीडिया में स्ट्रैटेजिक AI विभाग की प्रमुख वर्तिका सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबी पोस्ट लिखकर बताया है कि कैसे हुआंग ने बेहद कठिन और अकल्पनीय परिस्थितियों में उनके परिवार की मदद की थी।

बहन के ब्रेन कैंसर के दौरान हुआंग ने बढ़ाया मदद का हाथ

पिछले करीब 8 सालों से एनवीडिया से जुड़ी वर्तिका सिंह ने अपनी पोस्ट में उस मुश्किल दौर को याद किया, जब उनकी बहन ब्रेन कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से जूझ रही थीं।

उन्होंने सोशल साइट X पर अपनी पोस्ट में लिखा, 'कैलिफोर्निया की यात्रा के दौरान जब उनकी हालत बिगड़ी, तो हमारे परिवार को बेहद मुश्किल और अकल्पनीय परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।'

'हमें इलाज से जुड़े कठिन फैसले लेने पड़े, अस्पताल का भारी-भरकम खर्च उठाना पड़ा और घर से दूर अपनी बहन को खोने का डर भी सता रहा था।'

'इतनी सारी जिम्मेदारियों के बावजूद, जेनसन ने परवाह करने के लिए समय निकाला। उन्होंने मेरे परिवार की ऐसी परिस्थितियों में मदद की, जो नामुमकिन लग रही थीं। उन्होंने मेरी बहन से मिलने के लिए भी समय निकाला।'

यह पोस्ट ऐसे समय में आई है, जब 63 साल के हुआंग ने एनवीडिया के CEO पद से इस्तीफा दे दिया है। उन पर चीनी महिला के साथ संबंध का आरोप है।

'हुआंग की इंसानियत हमेशा याद रखूंगी'

वर्तिका सिंह ने हुआंग के साथ अपनी तस्वीर भी साझा की है और इस पल को जीवन भर एक अनमोल याद की तरह संजोकर रखने की बात कही।

उन्होंने लिखा कि जब हुआंग ने उनसे कहा, 'मुझे तुम पर गर्व है। साथ बिताए इस समय को हमेशा याद रखना' तो उन्हें नेतृत्व का वह पाठ सीखने को मिला, जो किसी भी पेशेवर अनुभव से नहीं मिल सकता था।

जेनसन हुआंग के विजन और नेतृत्व की सराहना

वर्तिका ने जेनसन हुआंग की कार्यशैली जिक्र करते हुए सिंह ने कहा कि वह उनके व्यक्तित्व के एक ऐसे पहलू को सामने रख रही हैं, जिसके बारे में उन्हें उम्मीद है कि वह मौजूदा 'शोर-शराबे में कहीं खो न जाए'।

वर्तिका ने कहा हुआंग में भविष्य की आहट को पहले से भांप लेने की क्षमता, पारंपरिक सोच को चुनौती देने का साहस और पूरे इकोसिस्टम को अपने साथ लेकर चलने का हुनर था।'

उन्होंने कहा कि हुआंग 'ऐसी संभावनाओं को देख पाते थे, जिन्हें हममें से ज्यादातर लोग समझ भी नहीं सकते थे।' वर्तिका ने कहा, 'उन्होंने इन संभावनाओं को सफल बनाने के लिए अपना समय, ध्यान और एनवीडिया के संसाधनों को लगा दिया। अगर वे न होते, तो आज इनमें से कुछ कंपनियां शायद अस्तित्व में ही नहीं होतीं।'

वर्तिका ने यह भी याद किया कि एनवीडिया में उन्होंने किस तरह उनकी मदद की थी। अपनी पोस्ट में वर्तिका ने लिखा, 'एनवीडिया में मेरा सफर हमेशा आसान नहीं रहा। कंपनी में हुए मुश्किल बदलावों और अनिश्चितता के दौर में, जेनसन के मार्गदर्शन और मेरे काम का समर्थन करने की उनकी तत्परता ने मुझे डटे रहने में मदद की।'

अपनी पोस्ट के अंत में वर्तिका सिंह ने लिखा कि संस्थाएं विकसित होती हैं और नेतृत्व बदलता है, लेकिन जिस व्यक्ति ने इतने सारे लोगों और संभावनाओं को आकार दिया हो, उसका प्रभाव किसी भी पद या ओहदे से कहीं अधिक समय तक बना रहता है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा हुआंग की दयालुता और उनकी इंसानियत को याद रखेंगी।

यह भी पढ़ें- 'बोर्ड ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया जेनसन हुआंग का इस्तीफा, वापसी का कोई इरादा नहीं', एनवीडिया चेयरमैन की दो टूक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।