जमीन पर हुई एक चूक ने कैसे रोक दी अमेरिका की उड़ानें? 'ग्राउंड स्टॉप' की इनसाइड स्टोरी
अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण पूरे देश में चार घंटे से अधिक समय तक उड़ानें ठप रहीं, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

HighLights
तकनीकी खराबी से अमेरिका का एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम ठप हुआ।
सुरक्षा कारणों से पूरे देश में चार घंटे से अधिक उड़ानें रुकीं।
पुराने उपकरण और संचार नेटवर्क में समस्या बनी मुख्य वजह।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के आसमान में उस वक्त अफरा-तफरी जैसे हालात बन गए जब एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम) ने काम करना बंद कर दिया। सुरक्षा के लिहाज से सभी फ्लाइट को ग्राउंड करने के निर्देश दिए गए ताकि हालात और ज्यादा ना बिगड़े।
यूएस के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों को जोड़ने वाले नेटवर्क में आई एक तकनीकी खराबी की वजह से पूरे देश में उड़ानें चार घंटे से भी ज्यादा समय तक बंद रहीं। हालांकि दिन के आखिर में उड़ानों पर लगी रोक हटा ली गई, लेकिन एयरलाइंस को फिर से सामान्य स्थिति में आने में अभी कुछ दिन लगेंगे।
क्यों समस्या पूरे देश में फैली
परेशानी किसी एक हवाई अड्डे या एक उड़ान मार्ग तक सीमित नहीं थी। समस्या क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों को जोड़ने वाले कम्युनिकेशन नेटवर्क में थी, जिसकी वजह से एक जगह आई खराबी का असर पूरे देश में फैल गया। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के पूर्व एयरस्पेस मैनेजर, माइकल मैककॉर्मिक ने इस नेटवर्क को "देश के सबसे बड़े टेलीकम्युनिकेशन सिस्टम में से एक" बताया है।
पुराने उपकरण से हुई परेशानी
जब बड़े पैमाने का कोई सिस्टम खराब होता है तो इसका असर उस जगह से बहुत दूर तक जाता है। आखिर असल में क्या गलत हुआ? ये क्षेत्रीय केंद्र हजारों मील तक विमानों को उनके रास्ते पर कैसे बनाए रखते हैं, और जमीन पर लगे उपकरणों में आई एक खराबी हवा में उड़ रही उड़ानों को कैसे रोक सकती है? ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि अमेरिकी एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में पुराने उपकरणों की वजह से बीच-बीच में संचार और रडार में रुकावटें आ रही थीं।
क्यों बंद हुआ एयरस्पेस
समचार एजेंसी एपी (AP) के अनुसार ट्रांसपोर्टेशन सेक्रेटरी सीन डफी ने बताया कि हर चार से पांच सेकंड में 1,000 से ज्यादा बार कनेक्शन की कोशिशें की गईं। इसकी वजह से विमानों के साथ हमारे संचार (कम्युनिकेशन) में दिक्कतें आईं और हमारे रडार फीड में भी कुछ रुकावटें पैदा हुईं। इस वक्त यात्रियों आपकी सुरक्षा सबसे अहम है, इसलिए एयरस्पेस (हवाई क्षेत्र) को बंद करने का फैसला लिया गया।
12.5 अरब डॉलर से बदलेगा पूरा सिस्टम
कांग्रेस ने पिछले साल इस बदलाव के लिए 12.5 अरब डॉलर की मंजूरी दी थी। इस काम में मीलों लंबी पुरानी तांबे की तारों को फाइबर-ऑप्टिक लाइनों से बदलना और हवाई अड्डों पर रेडियो सिस्टम को धीरे-धीरे अपग्रेड करना शामिल है। हालांकि, यह काम अभी पूरा नहीं हुआ है। डफी ने शुक्रवार और शनिवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस से इस अपग्रेड के लिए और फंड आवंटित करने की अपील की। बता दें कि शुक्रवार का शटडाउन, 11 सितंबर, 2001 के हमलों के बाद से US में हवाई यात्रा पर सबसे लंबी रोक थी। यह देश के एविएशन सेक्टर के लिए एक दिन की सबसे बुरी रुकावटों में से एक थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।