बंगाल में विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के लिए BJP की रणनीति, हर विधानसभा में विभिन्न वर्गों के 200 प्रमुख लोगों से करेगी संवाद
बंगाल में भाजपा विपक्ष के 'वोट चोरी' और एसआईआर विरोधी अभियान का जवाब देने के लिए नई रणनीति अपना रही ...और पढ़ें

बीजेपी हर विधानसभा में प्रमुख लोगों से करेगी बात। (सोशल मीडिया)
HighLights
भाजपा विपक्ष के 'वोट चोरी' आरोपों का जवाब देने को तैयार।
प्रत्येक विधानसभा में 200 प्रभावशाली लोगों से सीधा संवाद करेगी।
एसआईआर पर पुस्तिका के जरिए विपक्ष के आरोपों का खंडन होगा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में भाजपा ने विपक्ष के 'वोट चोरी' और एसआईआर विरोधी अभियान का जवाब देने के लिए नई रणनीति तैयार की है। इसके तहत पार्टी राज्य की सभी 294 विधानसभा सीटों पर समाज के विभिन्न वर्गों के प्रभावशाली और प्रबुद्ध लोगों से सीधा संवाद करेगी।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ऐसे 200 लोगों के घर जाकर भाजपा नेता व कार्यकर्ता उनसे बातचीत करेंगे। इस दौरान चार पन्नों की एक पुस्तिका के माध्यम से एसआईआर और मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया जाएगा। साथ ही देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था और राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर लोगों की राय भी जानी जाएगी।
'गणतंत्र बचा गंगाओ, अराजकता हटाओ' अभियान का दूसरा चरण
दरअसल, भाजपा ने हाल में 'गणतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा के जरिए विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों का जवाब देने की कोशिश की थी। अब पार्टी इस अभियान के दूसरे चरण में विधानसभा स्तर पर जनसंपर्क कार्यक्रम चलाने जा रही है। इसके तहत श्रमिकों, किसानों, वकीलों, शिक्षकों और चिकित्सकों समेत समाज के अलग-अलग वर्गों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की जाएगी। प्रदेश भाजपा नेताओं का कहना है कि इन लोगों के विचार और सुझाव दर्ज किए जाएंगे तथा उनकी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी।
एसआईआर पर पुस्तिका के जरिए विपक्ष को जवाब देने की तैयारी
भाजपा की ओर से तैयार चार पन्नों की पुस्तिका में एसआईआर के इतिहास और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के कारणों को लेकर आंकड़े दिए गए हैं। पार्टी का दावा है कि एसआईआर की प्रक्रिया कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकारों के कार्यकाल में भी कई बार हुई थी। पुस्तिका में दावा किया गया है कि अब तक 12 बार हुए एसआईआर में से 10 बार कांग्रेस के शासनकाल में हुए। भाजपा ने सवाल उठाया है कि यदि मतदाता सूची में मृत, स्थानांतरित और अन्य अपात्र मतदाताओं के नाम मौजूद हैं तो उन्हें हटाने की प्रक्रिया का विरोध क्यों किया जा रहा है।
वोट चोरी का आरोप खारिज
पार्टी ने विपक्ष के 'वोट चोरी' के आरोपों को पहले ही खारिज किया है। पुस्तिका में कहा गया है कि चुनाव का परिणाम मतदाता तय करते हैं, न कि एसआईआर की प्रक्रिया। भाजपा के एक वरिष्ठ प्रदेश नेता के अनुसार, यह अभियान केवल पार्टी तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के लोकतांत्रिक हितों को लेकर चिंतित नागरिकों को भी इससे जोड़ने का प्रयास है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।