मायामी एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसला कार्गो विमान, थैंक्सगिविंग से पहले उड़ानें प्रभावित
अमेरिका के मायामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार रात फेडेक्स का एक कार्गो विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से आगे निकल गया, जिससे एयरपोर्ट के कई रनवे अस्थायी रूप से बंद करने पड़े।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका के मायामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार रात एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया, जहां मेम्फिस से आ रहा फेडेक्स का मैकडोनल डगलस MD-11 कार्गो विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से आगे निकला गया।
थैंक्सगिविंग की छुट्टियों से ठीक पहले बुधवार रात करीब 8:40 बजे हुई इस घटना के बाद एयरपोर्ट के एक को छोड़कर बाकी सभी रनवे अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा, इससे उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
मायामी-डेड फायर रेस्क्यू की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने बताया कि जल्द ही उड़ानें फिर से शुरू होने की उम्मीद है और वे इस घटना की जांच करेंगे।
एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों से की ये अपील
एयरपोर्ट प्रबंधन ने बुधवार रात यात्रा करने वाले यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी एयरलाइंस से फ्लाइट के बारे में लेटेस्ट अपडेट जरूर चेक कर लें।
एयरपोर्ट प्रबंधन ने अपने बयान में कहा, 'हम अपने यात्रियों के धैर्य की सराहना करते हैं, क्योंकि हम सुरक्षित रूप से सामान्य कामकाज बहाल करने की कोशिश कर रहे हैं।'
3 महीने पहले भी हुई थी ऐसी घटना
बता दें कि यह यह घटना सितंबर में हुई उस दुर्घटना के लगभग तीन महीने बाद हुई है, जब अमेजन का एक कार्गो विमान एयरपोर्ट पर रनवे से बाहर निकल गया था और जमीन पर मौजूद पांच लोगों की मौत हो गई थी।
हालांकि बुधवार की घटना एक अलग रनवे पर हुई, लेकिन मायामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के तीन रनवे पश्चिमी छोर पर एक-दूसरे से मिलते हैं, जिसकी वजह से फेडेक्स का विमान पिछली दुर्घटना वाली जगह के काफी करीब पहुंच गया। (समाचार एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।