'अमेरिकियों को निशाना बनाया तो ढूंढ निकालेंगे', FBI चीफ काश पटेल की साइबर अपराधियों को खुली चेतावनी
FBI निदेशक काश पटेल ने अमेरिकियों को निशाना बनाने वाले साइबर अपराधियों को कड़ी चेतावनी दी है, कहा कि उन्हें न्याय का सामना करना पड़ेगा।

साइबर अपराधियों के खिलाफ एफबीआई चीफ काश पटेल ने दिखाई सख्ती। (फोटो- रॉयटर्स।)
डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) के निदेशक काश पटेल ने शुक्रवार को अमेरिकियों को निशाना बनाने वाले साइबर अपराधियों को चेतावनी दी कि उन्हें कानून का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के नेतृत्व में एजेंसी साइबर खतरों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर रही है।
एक्स पर एक पोस्ट में पटेल ने कहा कि ऑपरेशन विंटर शील्ड का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ मिलकर अमेरिका की साइबर सुरक्षा को मजबूत करना और व्यवसायों, सरकारी प्रणालियों तथा महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की रक्षा करना है।
'साइबर खतरों के खिलाफ अपना रहे आक्रामक रुख'
पटेल ने लिखा, "राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में एफबीआई दुनिया भर के साइबर अपराधियों के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है।" उन्होंने आगे कहा, "ऑपरेशन विंटर शील्ड के जरिए हम साइबर खतरों के खिलाफ आक्रामक रुख अपना रहे हैं, अपने देश की सुरक्षा को मजबूत कर रहे हैं और अमेरिकी व्यवसायों, सरकारी प्रणालियों तथा महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के लिए अपने साझेदारों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।"
पटेल ने कहा, "हमारा संदेश साफ है कि अगर आप अमेरिकी लोगों को निशाना बनाते हैं तो न्याय आप तक जरूर पहुंचेगा।"
क्या है मामला?
अमेरिका में साइबर सुरक्षा और डिजिटल बुनियादी ढांचे की मजबूती को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच यह चेतावनी आई है। हाल ही में जेपी मॉर्गन चेस से जुड़े थर्ड-पार्टी सर्विस प्रोवाइडर्स पर एक साइबर हमला हुआ, जिससे लगभग 16,000 ग्राहकों की निजी जानकारी लीक होने की आशंका है।
जेपीमॉर्गन चेस ने गुरुवार को इस घटना के बारे में जानकारी दी। बैंक ने बताया कि उनकी जांच से पता चला है कि हमलावरों ने बाहरी वेंडर्स के पास मौजूद मार्केटिंग डेटा तक पहुंच बना ली थी। बैंक ने स्पष्ट किया कि उनके मुख्य कामकाज और सेवाएं इससे प्रभावित नहीं हुई हैं।
बैंक ने अपने बयान में कहा, "हमें पता चला है कि फर्म को सेवाएं देने वाली थर्ड पार्टी कंपनियां साइबर हमले का शिकार हुई हैं। अब तक की हमारी जांच के आधार पर हमें लगता है कि हमलावरों ने इन वेंडर्स के पास मौजूद कुछ मार्केटिंग डेटा तक पहुंच बना ली है, जिसमें ग्राहकों के नाम और ईमेल पते शामिल हो सकते हैं।"
फॉक्स न्यूज के अनुसार, 'n0n' नाम के एक रैनसमवेयर ग्रुप ने ग्राहकों का डेटा लीक करने की जिम्मेदारी ली है। खबरों के मुताबिक, इस घटना से वीजा और मास्टरकार्ड से जुड़े व्यावसायिक साझेदार भी प्रभावित हुए हैं, जिनकी जानकारी लीक हुई है, जिसमें ईमेल पते, फोन नंबर और खाता आईडी शामिल हैं।
जेपी मॉर्गन चेस ने आगे कहा, “हमारी सेवाओं में कोई रुकावट नहीं है। जहां जरूरी होगा हम प्रभावित ग्राहकों से सीधे संपर्क करेंगे और उन्हें सहायता प्रदान करेंगे, जिसमें मुफ्त क्रेडिट मॉनिटरिंग भी शामिल है। इस सप्ताह की शुरुआत में कुछ ग्राहकों को सेवा में जो रुकावट महसूस हुई थी, उसका इससे कोई संबंध नहीं है।”
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।