जासूसी विवाद और मध्यावधि चुनाव में हार... ट्रंप की चिनफिंग से मुलाकात क्यों है अहम
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप मनीला और शेनझेन की यात्रा पर हैं, जहां वे शी चिनफिंग से मिलेंगे। मध्यावधि चुनाव में हार और एनवीडिया जासूसी विवाद के बीच यह मुलाकात अहम है।

चीन में होगी ट्रंप और चिनफिंग की मुलाकात। (फाइल फोटो।)
HighLights
ट्रंप की मनीला-शेनझेन यात्रा, शी चिनफिंग से मुलाकात।
मध्यावधि चुनाव हार, एनवीडिया जासूसी विवाद प्रमुख मुद्दे।
उत्तर कोरिया, व्यापार, परमाणु निरस्त्रीकरण पर भी चर्चा।
डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप सोमवार को मनीला के लिए रवाना हुए। मध्यावधि चुनाव में उनकी रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार और एनवीडिया मामले में संदिग्ध चीनी जासूस से जुड़े आरोपों ने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ उनकी आगामी मुलाकात को और अहम बना दिया है।
व्हाइट हाउस से रवाना होते समय ट्रंप ने कहा कि वह चीन में उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन से भी मिल सकते हैं। अगर यह मुलाकात होती है, तो यह एशिया की उनकी यात्रा का रुख बदल सकती है।
शेनझेन जाएंगे ट्रंप
ट्रंप पहले मनीला पहुंचेगे, जहां मंगलवार को दक्षिण-पूर्व एशिया और क्षेत्र के अन्य नेताओं के साथ उनकी बैठकें होंगी। इसके बाद वह एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपीईसी) मंच की बैठक के लिए चीन के शहर शेनझेन जाएंगे। बैठक से इतर वहां उनकी चीन के राष्ट्रपति से मुलाकात होगी और गुरुवार को चिनफिंग व रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ त्रिपक्षीय चर्चा भी करेंगे।
ट्रंप ने कहा कि पुतिन और चिनफिंग के साथ बैठक में वह परमाणु निरस्त्रीकरण, ईरान और यूक्रेन के साथ-साथ व्यापार और अर्थव्यवस्था पर चर्चा करेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, 'हम किम जोंग उन से भी मिल सकते हैं। वह आ सकते हैं। मुझे नहीं पता। यह राष्ट्रपति शी चिनफिंग पर निर्भर है।'
ट्रंप अपने 2017-2021 के कार्यकाल में उत्तर कोरियाई नेता से कई बार मिले थे। उन्होंने एक और मुलाकात में बार-बार दिलचस्पी जताई है। उत्तर कोरिया सार्वजनिक रूप से कह चुका है कि फिलहाल उसके नेता की अमेरिकी राष्ट्रपति से मिलने की कोई मंशा नहीं है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?
ट्रंप को लगता है कि चिनफिंग और पुतिन के साथ शिखर सम्मेलन से परमाणु हथियार नियंत्रण समझौते की दिशा में प्रगति हो सकती है। लेकिन चीनी विश्लेषकों के मुताबिक, चीन के लिए यह शुरुआत ही संभव नहीं है, क्योंकि उसके पास बाकी दोनों देशों की तुलना में बहुत कम परमाणु हथियार हैं।
याल्टा सम्मेलन से प्रस्तावित त्रिपक्षीय बैठक की तुलना
प्रस्तावित त्रिपक्षीय बैठक की तुलना रूस में 1945 के याल्टा सम्मेलन से की जा रही है। अमेरिका, ब्रिटेन और सोवियत संघ के बीच हुए उस सम्मेलन ने प्रभाव क्षेत्रों को औपचारिक रूप दिया था, द्वितीय विश्व युद्ध के बाद की व्यवस्था की नींव रखी थी और छोटी शक्तियों पर थोपी गई महाशक्ति-स्तरीय संधियों का पर्याय बन गया था।
ऐसी तुलना यूक्रेन के लिए खास तौर पर चिंता का विषय मानी जा रही है। कुछ विश्लेषकों का कहना है कि चिनफिंग, चुनाव में मिली हार के बाद राजनीतिक रूप से कमजोर हुए ट्रंप का फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं।
चीन की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ताइवान के लिए 14 अरब डॉलर के हथियार पैकेज को मंजूरी न दें। ट्रंप कहते रहे हैं कि उन्होंने इन हथियारों को चीन के साथ बातचीत में सौदेबाजी के तौर पर रोक रखा है।
(न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ।)
यह भी पढ़ें:चीनी AI कंपनियों को सेवाएं दे रहे विदेशी डाटा सेंटरों को लेना होगा लाइसेंस, अमेरिका ने कसा शिकंजा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।