ट्रंप की हत्या की साजिश रचने पर पाकिस्तानी को 27 साल 6 महीने की सजा; ईरान की IRGC के इशारे पर बना था प्लान
अमेरिका में एक पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को डोनल्ड ट्रंप सहित अमेरिकी नेताओं की हत्या की साजिश रचने के आरोप ...और पढ़ें

ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी को जेल की सजा
HighLights
पाकिस्तानी आसिफ मर्चेंट को 27.5 साल की जेल हुई।
ट्रंप, बाइडन, हेली की हत्या की साजिश का दोषी ठहराया गया।
ईरान के निर्देश पर सुलेमानी की हत्या का बदला लेना था।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की साजिश रचने के मामले में एक पाकिस्तानी नागरिक को 27 साल 6 महीने जेल की सजा सुनाई गई है।
अमेरिकी न्याय विभाग ने मंगलवार को बताया कि ईरान के निर्देश पर उसने 2024 में ट्रंप समेत कई अमेरिकी नेताओं की हत्या करने की साजिश रची थी।
ट्रंप की हत्या की साजिश में पाकिस्तानी को जेल
न्याय विभाग के बयान के अनुसार, न्यूयार्क के ब्रुकलिन स्थित संघीय अदालत के जिला जज एरिक आर कोमिटी ने पाकिस्तान के 48 वर्षीय आसिफ मर्चेंट को आतंकी कृत्य का प्रयास करने और सुपारी देकर हत्या की साजिश रचने के मामले में 330 महीने जेल की सजा सुनाई।
अभियोजकों ने बताया कि मर्चेंट ने अमेरिका में लोगों को भर्ती करने की कोशिश की थी। उसकी ट्रंप और अन्य लोगों को निशाना बनाने की साजिश थी। यह साजिश 2020 में ईरानी सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की हत्या का बदला लेने के लिए रची गई थी। ईरानी कमांडर की हत्या ट्रंप के पहले कार्यकाल में हुई थी।
अभियोजकों के अनुसार, 2024 की साजिश में तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडन और निक्की हेली भी निशाने पर थीं। हेली ने उसी वर्ष रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनने के लिए ट्रंप के खिलाफ चुनाव लड़ा था।
न्याय विभाग ने बताया कि मार्च में संघीय जूरी ने मर्चेंट को अमेरिकी नेताओं की हत्या की साजिश के मामले में दोषी ठहराया था। वह इस साजिश को अंजाम देने के लिए अमेरिका आया था। ब्रुकलिन की अदालत में यह मुकदमा फरवरी के आखिर में शुरू हुआ था। इसी दौरान ट्रंप ने ईरान पर हमले का आदेश दिया था।
रिवोल्यूशनरी गार्ड ने रची थी साजिश
मर्चेंट ने सुनवाई के दौरान बताया था कि वह ईरान के सैन्य बल रिवोल्यूशनरी गार्ड के साथ साजिश में शामिल हुआ था, लेकिन उसने अपने परिवार की सुरक्षा के लिए ऐसा किया।
हालांकि तेहरान ने इस बात से इन्कार किया है कि उसने ट्रंप या अमेरिका के किसी अन्य अधिकारी को निशाना बनाया था अथवा उन पर हमले की साजिश रची थी।
(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- ग्रीन कार्ड के बदल रहे नियम, नौकरियों में अमेरिकियों को प्राथमिकता; भारतीयों पर कितना असर?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।