'हेगसेथ को जाना होगा', मिडटर्म चुनावों में जीत के बाद डेमोक्रेट्स ने बढ़ाया दबाव; महाभियोग चलाने की तैयारी
अमेरिकी हाउस में डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफरीज ने रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग चलाने के प्रयासों का समर्थन किया है।

पीट हेगसेथ के साथ बात करते हुए ट्रंप। (फाइल फोटो।)
HighLights
हकीम जेफरीज ने पीट हेगसेथ के महाभियोग का समर्थन किया।
हेगसेथ पर शक्तियों के दुरुपयोग और ईरान युद्ध भड़काने का आरोप।
डेमोक्रेट्स ट्रंप प्रशासन की जांच-पड़ताल बढ़ाने की तैयारी में।
डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। अमेरिकी हाउस में डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफरीज ने रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग चलाने के प्रयासों का समर्थन किया है। उन्होंने हेगसेथ पर अपनी शक्तियों के दुरुपयोग और ईरान के खिलाफ युद्ध भड़काने का आरोप लगाया है।
डेमोक्रेट्स अब कांग्रेस में मिले अपने नए बहुमत का इस्तेमाल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के प्रशासन की जांच-पड़ताल बढ़ाने के लिए करने की तैयारी कर रहे हैं। रविवार को एबीसी न्यूज से बात करते हुए जेफरीज ने कहा कि वह उस प्रस्ताव का पूरी तरह समर्थन करते हैं जिसे रिपब्लिकन प्रतिनिधि थॉमस मैसी पेश करने की योजना बना रहे हैं।
'अकट्ठा होंगे डेमोक्रेट्स'
जेफरीज ने कहा, "मैं हेगसेथ के खिलाफ लाए जा रहे प्रस्ताव का पूरी तरह समर्थन करता हूं।" उन्होंने आगे कहा कि मंगलवार को जब डेमोक्रेट्स फिर से इकट्ठा होंगे तो वे इस प्रस्ताव पर चर्चा करेंगे।
उन्होंने कहा, "तथाकथित रक्षा मंत्री ने अपनी शक्तियों का दुरुपयोग किया है, हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा को कमजोर किया है और ईरान में यह गैर-जिम्मेदाराना और महंगा युद्ध थोपा है। इसकी वजह से अमेरिकी जनता के लिए कीमतें आसमान छूने लगी हैं और देश पहले से कम सुरक्षित हो गया है। पीट हेगसेथ को जाना ही होगा।"
'खत्म करना चाहते हैं ईरान के साथ युद्ध'
जेफरीज ने यह भी कहा कि जनवरी में जब डेमोक्रेट्स कांग्रेस का नियंत्रण संभालेंगे तो वे इस टकराव को खत्म करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा, "हम ईरान में चल रहे इस गैर-जिम्मेदाराना और बेहद खर्चीले युद्ध को खत्म करना चाहते हैं, जिसने जीवन को बहुत महंगा बना दिया है।"
हेगसेथ ने क्या कहा?
सीएनएन के अनुसार, हेगसेथ ने एक वीडियो में महाभियोग की कोशिश को खारिज कर दिया। उन्होंने इसे व्यक्तिगत रूप से बर्बाद करने की राजनीति करार दिया और कहा कि उनके मामले में यह काम नहीं करेगा।
डेमोक्रेट्स ने दिए व्यापक जांच के संकेत
यह महाभियोग की कोशिश ऐसे समय में सामने आई है जब मिडटर्म चुनावों में जीत के बाद डेमोक्रेट्स ट्रंप प्रशासन के खिलाफ जांच की तैयारी कर रहे हैं। प्रतिनिधि रॉबर्ट गार्सिया, जिनके अगली कांग्रेस में हाउस ओवरसाइट कमिटी की अध्यक्षता करने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि वह उस समूह की जांच की तैयारी कर रहे हैं जिसे उन्होंने ट्रंप क्राइम फैमिली कहा।
कैलिफोर्निया की डेमोक्रेट गार्सिया ने कहा, "अब हमारे चुपचाप सहने के दिन लद गए हैं।" कांग्रेस की जांच की संभावना पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने डेमोक्रेट्स की ओर से की गई मांगों को उच्चतम स्तर की जबरन वसूली करार दिया और कहा कि उन्हें इसके लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।