US में डेटा सेंटरों से वसूला जाएगा खर्च, बिजली बिल में 7 हजार रुपये तक की होगी कटौती
अमेरिकी सीनेट ने डेटा सेंटरों और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए परमिट समीक्षा में तेजी लाने वाला एक द्विदलीय विधेयक पारित किया है।

US में डेटा सेंटरों से खर्च वसूलने की तैयारी कर रही सरकार
HighLights
सीनेट ने डेटा सेंटर परमिट समीक्षा विधेयक को मंजूरी दी।
डेटा सेंटर अपनी बिजली खपत का भुगतान स्वयं करेंगे।
अमेरिकी परिवारों का बिजली बिल 7,000 रुपये तक कम होगा।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी सीनेट में सोमवार को दोनों पार्टियों (डेमोक्रेट और रिपब्लिकन) के समर्थन वाला एक विधेयक आगे बढ़ाया। इसका उद्देश्य डेटा सेंटरों और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए परमिट की समीक्षा प्रक्रिया में तेजी लाना है।
अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार के बाद सीनेट में यह पहला बड़ा कदम उठाया गया है।
डेटा सेंटरों से वसूलेंगे बिजली बिल
सीनेट ने इस विधेयक पर चर्चा करने के लिए औपचारिक रूप से मतदान किया, जो कि सीनेट में 73-25 के बहुमत से पास हुआ।
सीनेटरों और राष्ट्रपति ने इसे बिजली और अन्य प्रकार की ऊर्जा की बढ़ती मांग को पूरा करने के एक तरीके के रूप में पेश किया है। अभी इन परियोजनाओं को ग्रिड से जुड़ने में कई साल लग जाते हैं।
इस विधेयक में किए गए बड़े बदलावों से बड़ी ऊर्जा परियोजनाओं (चाहे वे स्वच्छ ऊर्जा की हों या जीवाश्म ईंधन की) को शुरू करने का समय कम हो जाएगा। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि डेटा सेंटर अपनी इस्तेमाल की गई ऊर्जा के लिए खुद भुगतान करें।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) डेटा सेंटरों और बढ़ती बिजली की खपत को लेकर अमेरिका के लोगों में काफी नाराजगी है। इसी वजह से कई डेमोक्रेट नेता सामने आए हैं, जिन्होंने इन विशाल और बहुत अधिक ऊर्जा खपत करने वाले ढांचों पर लगाम लगाने का वादा किया है।
ट्रंप की अपील
ट्रंप ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर सीनेटरों से इसके पक्ष में वोट करने की अपील की। उन्होंने इसे अमेरिकी ऊर्जा स्वतंत्रता और प्रभुत्व के लिए एक बड़ी जीत' बताया।
ट्रंप ने लिखा, 'विधेयक यह सुनिश्चित करेगा कि हम पाइपलाइन, खदानें और बिजली संयंत्र पहले से कहीं अधिक तेजी से बना सकें, जिससे अमेरिकी परिवारों के लिए ऊर्जा की लागत कम हो सके।'
स्वच्छ ऊर्जा और तेल एवं गैस क्षेत्र के डेवलपर्स का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रमुख उद्योग समूहों ने भी इस विधेयक का समर्थन किया है।
हालांकि, कई पर्यावरण संगठनों ने इस समझौते की आलोचना की है। उनका कहना है कि इससे जीवाश्म ईंधन के विकास को बढ़ावा मिलेगा, पर्यावरण सुरक्षा के नियम कमजोर होंगे और स्थानीय समुदायों के लिए ऊर्जा परियोजनाओं की मंजूरी को चुनौती देना और मुश्किल हो जाएगा।
बिजली बिल में 7 हजार रुपये तक की कटौती
अमेरिका में अगर ये नया विधेयक, कानून बन जाता है तो डेटा सेंटर कंपनियों को अगले 10 साल में उपभोक्ताओं की व्यवस्था की तुलना में करीब 3.13 लाख करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे।
वहीं, इससे 2040 तक अमेरिकी परिवारों का सालाना बिजली बिल करीब 4,450 से 6,950 रुपये तक कम हो सकता है। इस विधेयक से डेटा सेंटरों की बिजली की जरूरत और ग्रिड सुधार का खर्च कंपनियों से लेकर आम उपभोक्ताओं को राहत देने की कोशिश है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।