विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिका में विमान सेवाओं पर संकट बरकरार, 300 उड़ानें रद; करोड़ों का नुकसान

Published: Tue, 17 Nov 2026 06:30 AM (IST)

अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल में तकनीकी खराबी के कारण तीसरे दिन भी हवाई सेवाएं प्रभावित रहीं, जिससे सैकड़ों उड़ानें रद्द और हजारों विलंबित हुईं।

अमेरिका में उड़ानों का संकट बरकरार।

अमेरिका में उड़ानों का संकट बरकरार।

HighLights

  1. अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल में तकनीकी खराबी से सेवाएं बाधित।

  2. तीसरे दिन भी सैकड़ों उड़ानें रद्द, हजारों विलंबित हुईं।

  3. विमानन कंपनियों को करोड़ों डॉलर का भारी आर्थिक नुकसान।

डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) में आई तकनीकी गड़बड़ी का असर तीसरे दिन भी हवाई सेवाओं पर बना रहा। सोमवार को करीब 300 उड़ानें रद करनी पड़ीं, जबकि 1,500 उड़ानों को देरी से रवाना किया गया। हालांकि, शुरुआती दो दिनों के मुकाबले हालात में कुछ सुधार दिखा और उड़ानों का संचालन धीरे-धीरे सामान्य होने लगा।

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के अनुसार, रविवार को 2,300 से अधिक उड़ानें रद हुई थीं और करीब 11 हजार उड़ानों में देरी हुई थी। तकनीकी खराबी के कारण दो दिनों में 18 हजार से अधिक उड़ानें रद करनी पड़ीं। इसे अमेरिकी विमानन व्यवस्था के पिछले 25 वर्षों के सबसे बड़े व्यवधानों में से एक माना जा रहा है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, नियमित रखरखाव के दौरान एक राउटर लगाने के समय यह समस्या पैदा हुई थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा कि बहुत पुराने उपकरणों को हार्ट अटैक आ रहा है। इन्हें तत्काल बदलने की जरूरत है।

चार बड़ी एयरलाइंस को भारी नुकसान

इस व्यवधान का असर विमानन कंपनियों के कारोबार पर भी पड़ा है। ब्रोकरेज फर्म बर्नस्टीन के आकलन के मुताबिक, अमेरिकन, डेल्टा, यूनाइटेड और साउथवेस्ट एयरलाइंस को कुल मिलाकर करीब 34.5 करोड़ डालर का कर-पूर्व नुकसान हुआ है। बीओएफए के विश्लेषकों के अनुसार, जेटब्लू पर सबसे ज्यादा असर पड़ा, जिसकी 28 प्रतिशत उड़ानें रद करनी पड़ीं। अमेरिकन एयरलाइंस की 22 प्रतिशत उड़ानें रद हुईं।

वहीं, डेल्टा की पांच, यूनाइटेड की तीन और साउथवेस्ट की चार प्रतिशत उड़ानें रद करनी पड़ीं। इसका असर शेयर बाजार में भी दिखाई दिया। जेटब्लू के शेयर करीब दो प्रतिशत टूटे, जबकि अन्य विमानन कंपनियों के शेयरों में एक से दो प्रतिशत तक गिरावट आई। राउटर लगाने वाली एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्र की कंपनी एल3हैरिस के शेयर भी करीब तीन प्रतिशत नीचे आ गए।

पुरानी तकनीक और कर्मचारियों की कमी पर सवाल

अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने सीएनबीसी से बातचीत में कहा कि करीब 28 हजार उड़ानों में देरी हुई और इससे अरबों डालर का आर्थिक नुकसान हुआ। उन्होंने देश की विमानन व्यवस्था में व्यापक सुधार की जरूरत पर जोर दिया। डफी के अनुसार, फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) अब भी पुराने कांपैक कंप्यूटर, फ्लापी डिस्क और विमानों की निगरानी के लिए कागज की स्ट्रिप जैसी तकनीकों का इस्तेमाल कर रहा है।

इसके अलावा एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों की कमी भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। इस घटना ने दुनिया की सबसे बड़ी विमानन व्यवस्थाओं में शामिल अमेरिकी हवाई यातायात प्रणाली के आधुनिकीकरण की जरूरत को एक बार फिर सामने ला दिया है।

यह भी पढ़ें: अमेरिका में तीसरे दिन और गहराया हवाई संकट, 15 हजार से ज्यादा उड़ानें रद 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।