अमेरिका में दूसरे दिन और गहराया हवाई संकट, दो दिनों में 15 हजार से ज्यादा उड़ानें रद
अमेरिका में हवाई यातायात व्यवस्था में तकनीकी खराबी के कारण लगातार दूसरे दिन भी गंभीर संकट बना रहा।

अमेरिका में नहीं टला हवाई संकट।
HighLights
तकनीकी खराबी से अमेरिका में हवाई यातायात व्यवस्था बाधित।
दो दिनों में 15,000 से अधिक उड़ानें रद्द/प्रभावित हुईं।
एफएए ने सोमवार तक परिचालन सामान्य होने की उम्मीद जताई।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिका में हवाई यातायात व्यवस्था पर तकनीकी गड़बड़ी का असर लगातार दूसरे दिन रविवार को और भी गंभीर हो गया। संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) के प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने बताया कि उड़ानों का संचालन सोमवार तक पटरी पर आ सकेगा।
शनिवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल की संचार व्यवस्था में आई गड़बड़ी के कारण देशभर में उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी थी। इसके बाद से एयरलाइंस परिचालन पटरी पर लाने में जुटी रहीं।
पूरे अमेरिका में देखने को मिला असर
रायटर के अनुसार, विमानन वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के अनुसार, शनिवार रात तक अमेरिका में 9,000 उड़ानें रद करनी पड़ीं, जबकि 8,000 से ज्यादा देर से रवाना हो सकीं। रविवार को भी करीब 9,200 उड़ानें रद और 7,500 प्रभावित हुईं। एफएए ने शनिवार को करीब पांच घंटे तक देशभर में उड़ानों पर रोक लगाई थी।
11 सितंबर, 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह हवाई यातायात पर सबसे लंबी देशव्यापी रोक की घटनाओं में से एक थी। इस कारण 15 लाख से ज्यादा यात्री जहां-तहां फंसे रह गए। देशभर के हवाई अड्डों पर एकसाथ 69 राउटरों ने काम करना बंद कर दिया था। तब 3500 विमान हवा में थे।
न्यूयार्क टाइम्स ने एविएशन एनालिटिक्स कंपनी, सीरीयम के हवाले से बताया कि शनिवार को उड़ानें सुचारु हुईं तो 14 मिनट में 90 प्रतिशत विमान अपने गंतव्य को रवाना हो गए। लेकिन जिन उड़ानों को रद कर दिया गया था, उससे जुड़े यात्रियों की परेशानी कायम रही। ज्यादातर दिक्कतें जार्जिया, टेक्सास, फीनिक्स और फिलाडेल्फिया पर देखी गई।
दोहरी मार झेल रहा अमेरिकी एयर ट्रैफिक सिस्टम
अमेरिका का एयर ट्रैफिक सिस्टम दोहरी मार झेल रहा है। यहां एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों की पहले से भारी कमी चल रही है। इस पर पुरानी पड़ चुकी तकनीक ने दिक्कतों को बढ़ा दिया। राउटर की गड़बड़ी से बिगड़ा संचार तंत्रपरिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि एफएए के ठेकेदार एल3हैरिस की ओर से एक दूरस्थ संचार केंद्र में नया राउटर लगाने के दौरान समस्या पैदा हुई। इससे हवाई यातायात नियंत्रण केंद्रों के रडार और संचार तंत्र में अस्थिरता आ गई। राउटर की खराबी के कारण दूसरे केंद्रों पर डाटा का दबाव बढ़ गया।
डफी के मुताबिक, हर चार से पांच सेकंड में एक हजार से अधिक कनेक्शन की कोशिशें हो रही थीं। इससे विमानों के साथ संपर्क बनाए रखने में परेशानी हुई। एफएए के 22 में से 17 उड़ान नियंत्रण केंद्र प्रभावित हुए।
एयरलाइंस ने यात्रियों को दी राहतडेल्टा, यूनाइटेड और अमेरिकन एयरलाइंस ने शनिवार को अपनी करीब 25 प्रतिशत, जबकि जेटब्लू ने लगभग 45 प्रतिशत उड़ानें रद कीं। कंपनियों ने यात्रियों को बिना अतिरिक्त शुल्क के बाद की तारीखों में टिकट बुक कराने की सुविधा दी है। एफएए ने भी अतिरिक्त परीक्षण शुरू किए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी गड़बड़ी दोबारा न हो।
ट्रंप ने तोड़ी चुप्पी, बाइडेन पर फोड़ा ठीकरा
एपी के अनुसार, घटना के बाद राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भी चुप्पी तोड़ते हुए संसद से हवाई यातायात प्रणाली की ओवरहालिंग के लिए 50 अरब डालर की मांग की। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि हम दुनिया का सबसे बेहतरीन सिस्टम बनाएंगे, जो तेजी और असरदार तरीके से 50 साल पुराने सिस्टम की जगह ले सकेगा।
उन्होंने इस बदहाली का ठीकरा पूर्ववर्ती डेमोक्रेट पार्टी शासित सरकार पर मढ़ दिया। हालांकि, एफएए के अनुसार बाइडेन प्रशासन ने हवाई अड़्डों और ट्रैफिक कंट्रोल टावरों में सुधार के लिए 25 अरब डालर जारी किए थे।
यह भी पढ़ें: अमेरिका के आसमान में संकट के बादल... कैसे ठप हो गया एयर ट्रैफिक, अब आगे क्या होगा?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।