यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 28, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Nuclear War: 'बहुत मूल्यवान' है पीएम मोदी और शी जिनपिंग का बयान, CIA चीफ बिल बर्न्स ने ऐसा क्यों कहा?
अमेरिका की खुफिया एजेंसी CIA के प्रमुख बिल बर्न्स ने बड़ी बात कहीं है। बिल बर्न्स के मुताबिक भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने परमाणु हथियारों के प्रति अपना कड़ा विरोध स्पष्ट कर दिया है। उनका यह बयान बहुत मूल्यवान है।

वाशिंगटन, एजेंसी। न्यूक्लियर हथियारों के इस्तेमाल को लेकर भारत और चीन ने अपना कड़ा विरोध व्यक्त किया है। इसी कड़ी में अब अमेरिका की खुफिया एजेंसी CIA के प्रमुख बिल बर्न्स ने बड़ी बात कहीं है। बिल बर्न्स के मुताबिक, 'भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने परमाणु हथियारों के प्रति अपना कड़ा विरोध स्पष्ट कर दिया है। उनका यह बयान 'बहुत मूल्यवान' है।'
भारत और चीन का जिक्र
रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने भी भारत और चीन का जिक्र किया था, जिसके दो दिन बाद CIA प्रमुख का बयान सामने आया है। रूस को परमाणु हथियारों से परहेज करने के लिए राजी करने के संदर्भ में उनकी ये टिप्पणी आई है। इससे पहले ब्लिंकन ने भारत और चीन से कहा था कि वे परमाणु हथियारों के प्रति अपना विरोध व्यक्त करने के लिए रूस से बात करें।
'निराशाजनक' रही बातचीत
रविवार को सीबीएस न्यूज के साथ एक इंटरव्यू में, जब उनसे पिछले साल तुर्किये में रूसी विदेशी खुफिया प्रमुख सर्गेई नारीशकिन के साथ मुलाकात के बारे में पूछा गया, तो बर्न्स ने कहा कि बातचीत 'निराशाजनक' थी। उन्होंने कहा कि मेरा लक्ष्य सिर्फ बातचीत करना नहीं था।
परमाणु हथियारों के सन्दर्भ में उन्होंने कहा कि नारिश्किन ने इस मुद्दे को गंभीरता से समझा। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि यह भी बहुत मूल्यवान है कि चीनी नेतृत्व और भारत में प्रधानमंत्री मोदी ने भी परमाणु हथियारों के किसी भी उपयोग के लिए अपना विरोध स्पष्ट किया है।
पुतिन में है अहंकार
बिल बर्न्स से जब यह पूछा गया कि उन्होंने रूसी विदेशी खुफिया प्रमुख के बातचीत को निराशाजनक क्यों पाया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें समझ में आया कि पुतिन में अभी भी 'अहंकार की भावना' है। बर्न्स ने कहा कि पुतिन यूक्रेन को कमजोर करने के लिए अपनी क्षमता पर पूरी तरह से आश्वस्त बना हुआ है।
बर्न्स ने यह भी कहा कि चीन विचार कर रहा था, लेकिन अभी तक यह तय नहीं किया था कि रूस को घातक आपूर्ति प्रदान की जाए या नहीं। पिछले हफ्ते म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में ब्लिंकन ने चीन को रूस को सैन्य सहायता देने के खिलाफ चेतावनी दी थी।