विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चीन से अमेरिका लौटते समय एयर फोर्स वन ने रचा इतिहास, बिना रुके 15 घंटे भरी सबसे लंबी उड़ान

Published: Fri, 20 Nov 2026 11:35 PM (IST)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप का विमान एयर फोर्स वन चीन से 15 घंटे की ऐतिहासिक और बिना रुके उड़ान भरकर ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पहुंचा। 

ट्रंप के एयरफोर्स वन ने रचा इतिहास। (फोटो-रॉयटर्स)

ट्रंप के एयरफोर्स वन ने रचा इतिहास। (फोटो-रॉयटर्स)

HighLights

  1. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का विमान एयर फोर्स वन चीन से लौटा।

  2. विमान ने 15 घंटे की सबसे लंबी नॉन-स्टॉप उड़ान पूरी की।

  3. यह राष्ट्रपति के हवाई सफर का एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बन गया।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति का विमान एयर फोर्स वन ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पर गुरुवार रात 8:01 बजे (स्थानीय समय) उतरा। इसके साथ ही चीन से राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की यह ऐतिहासिक और बिना रुके वापसी वाली यात्रा पूरी हुई, जो राष्ट्रपति के हवाई सफर के इतिहास में अब तक की सबसे लंबी लगातार उड़ान रही।

विमान में मौजूद प्रेस टीम के एक सदस्य के अनुसार, राष्ट्रपति का विमान स्थानीय समयानुसार शाम 5:54 बजे शेन्जेन से रवाना हुआ और बिना कहीं रुके (ईंधन भरवाने के लिए भी नहीं) सीधे मैरीलैंड पहुंचा।यात्रा के दौरान वीसी-25बी ने वायु सेना के इतिहास में सबसे भारी टेकआफ किया, जिसका वजन लगभग दस लाख पाउंड था।

इसने एयर फोर्स वन की अब तक की सबसे लंबी नॉन-स्टाप उड़ान पूरी की, जिसमें लगभग 15 घंटे का समय लगा। 33,000 फीट की ऊंचाई और 500 नाट (926 किलोमीटर प्रति घंटा) की औसत गति से उड़ान भरते हुए यह विमान प्रशांत महासागर के ऊपर से गुजरा और शंघाई (चीन), टोक्यो (जापान), शेम्या (अलास्का), विनिपेग (कनाडा) और क्लीवलैंड (ओहियो) से होकर निकला।

आसमान साफ था जिसके चलते विमान तय समय (रात 8:20 बजे) से थोड़ा पहले ही पहुंच गया। व्हाइट हाउस के कम्युनिकेशंस डायरेक्टर स्टीवन चेउंग ने एक्स पर लिखा, 'एक ऐतिहासिक राष्ट्रपति के लिए एक ऐतिहासिक यात्रा।'

सोर्स- न्यूज एजेंसी ANI के इनपुट के अनुसार

यह भी पढ़ें- चीन से उड़ान भरते ही 'एयर फोर्स वन' में पत्रकारों के फोन जब्त, ट्रंप के अगले दौरे को लेकर सस्पेंस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।