विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चीन से उड़ान भरते ही 'एयर फोर्स वन' में पत्रकारों के फोन जब्त, ट्रंप के अगले दौरे को लेकर सस्पेंस

Published: Thu, 19 Nov 2026 10:32 PM (IST)

चीन के शेनजेन से उड़ान भरने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के 'एयर फोर्स वन' में सवार पत्रकारों के मोबाइल फोन सुरक्षा कारणों से जब्त कर लिए गए। 

शेनजेन से ट्रंप के उड़ान भरते ही पत्रकारों के फोन जब्त किए गए। (फोटो- रॉयटर्स)

शेनजेन से ट्रंप के उड़ान भरते ही पत्रकारों के फोन जब्त किए गए। (फोटो- रॉयटर्स)

HighLights

  1. शेनजेन से उड़ान भरते ही पत्रकारों के मोबाइल फोन जब्त किए गए।

  2. व्हाइट हाउस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर फोन लिए।

  3. ट्रंप के अगले गोपनीय राजनयिक मिशन पर अटकलें तेज हुईं।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। चीन के शेनजेन में शी चिनफिंग और पुतिन के साथ ऐतिहासिक त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की वापसी की उड़ान में एक असामान्य घटनाक्रम देखने को मिला।

गुरुवार को शेनजेन बाओआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 'एयर फोर्स वन' के उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद, व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए विमान में सवार सभी पत्रकारों के मोबाइल फोन जमा करा लिए।

बिना किसी सूचना के लिए गए फोन

शेनजेन बाओआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ट्रम्प के विमान में सवार होने के तुरंत बाद, एक रिपोर्टर ने इस घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पत्रकारों को सूचित किया गया था कि सुरक्षा कारणों से उनके फोन कुछ समय के लिए लिए जा रहे हैं।

पत्रकारों को पहले से कोई सूचना नहीं दी गई थी और उन्हें अपनी सीटों पर बैठने के बाद ही इस व्यवस्था के बारे में पता चला। NBC न्यूज के संवाददाता गैरेट हाके ने सोशल साइट X पर पोस्ट कर व्हाइट हाउस के इस कदम को बेहद असामान्य बताया।

फॉक्स न्यूज की संवाददाता जैकी हेनरिक ने भी विमान की मंजिल को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा 'फोन लिए जाने से यह संदेह पैदा होता है कि एयर फोर्स वन शायद सीधे अपने देश नहीं जा रहा है।'

छेड़छाड़ की आशंका के चलते सीढ़ियों पर छोड़े चीनी उपकरण

सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत व्हाइट हाउस की टीम ने बेहद सख्त रुख अपनाया। खबरों के मुताबिक शेनजेन से रवाना होने से ठीक पहले व्हाइट हाउस के कर्मचारियों ने चीन सरकार द्वारा जारी किए गए पहचान पत्र प्रतिनिधिमंडल के पिन और अस्थायी फोन विमान की सीढ़ियों के पास ही छोड़ दिए।

अधिकारियों को आशंका थी कि सुरक्षा और जासूसी के लिहाज से इन उपकरणों या सामग्रियों के साथ छेड़छाड़ की गई हो सकती है।

किम जोंग से मुलाकात पर भी नजरें

यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब ट्रंप की एशिया यात्रा के दौरान उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन से उनकी संभावित मुलाकात को लेकर कयास लगाए जा रहे थे।

वाशिंगटन से रवाना होने से पहले ट्रंप ने संकेत दिया था कि चीन में किम से मुलाकात हो सकती है, हालांकि उन्होंने यह भी कहा था कि इसका फैसला चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग पर निर्भर करेगी।

हालांकि, APEC मंच से उत्तर कोरिया की गैर-मौजूदगी के बीच शेनजेन में दोनों नेताओं की कोई मुलाकात नहीं हुई।

अब फोन जब्त होने के बाद इस बात की चर्चा तेज है कि क्या ट्रंप किसी गोपनीय राजनयिक मिशन या किसी अन्य देश के अचानक दौरे पर निकल पड़े हैं।

चीन में पत्रकारों को झेलनी पड़ी थी पाबंदी

इससे पहले शेनजेन में त्रिपक्षीय बैठकों के दौरान भी अमेरिकी पत्रकारों को सख्त पाबंदियों का सामना करना पड़ा था। रिपोर्ट के अनुसार, रूसी अधिकारियों ने दो पत्रकारों को राष्ट्रपति पुतिन और ट्रंप की अनौपचारिक बैठक में जाने से रोक दिया।

वहीं, चीनी अधिकारियों ने ब्लूमबर्ग के एक पत्रकार को त्रिपक्षीय बैठक से बाहर कर दिया, क्योंकि उन्होंने एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग से जुड़ा एक सवाल जोर से पूछ लिया था।

यह भी पढ़ें- चीन में तीन महाशक्तियों का महामंथन: ट्रंप, चिनफिंग और पुतिन के बीच 4 मुद्दों पर बनी सहमति

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।