विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'यही सही समय है, ईरान के बाद अब क्यूबा का नंबर'; रूबियो ने नागरिकों से की CIA से हाथ मिलाने की अपील

Published: Sat, 24 Oct 2026 02:59 PM (IST)

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने क्यूबा के नागरिकों से सीआईए के साथ मिलकर कम्युनिस्ट सरकार को हटाने की अपील की है।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो(फाइल फोटो)

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो(फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने शुक्रवार को क्यूबा के नागरिकों से अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के साथ हाथ मिलाने की अपील की है, ताकि देश की कम्युनिस्ट सरकार को हटाकर बदलाव लाया जा सके।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए रूबियो ने लिखा कि क्यूबा में सकारात्मक बदलाव चाहने वालों के लिए आगे आने का यही सही समय है।

रूबियो ने क्यूबा सरकार के अधिकारियों पर आम जनता से झूठे वादे करने, भ्रष्टाचार में लिप्त रहने और विलासिता भरा जीवन जीने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोग इस अवसर का फायदा उठाकर सीआईए के साथ गोपनीय साझेदारी करें और अपनी पसंद का बदलाव लाएं।

सीआईए ने स्पैनिश में वीडियो जारी कर बताया संपर्क का तरीका

रूबियो के बयान के कुछ घंटों बाद अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए ने क्यूबा की आधिकारिक भाषा स्पैनिश में एक्स पर एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में बताया गया कि जिन लोगों के पास काम की खुफिया जानकारी है, वे एजेंसी से कैसे संपर्क कर सकते हैं।

सीआईए ने लोगों को सुरक्षित यात्रा संभव होने पर सबसे पहले किसी आधिकारिक अमेरिकी केंद्र पर खुद जाकर मिलने की सलाह दी।

वहीं, वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन संपर्क करने वालों को वीपीएन जैसे सुरक्षित नेटवर्क, प्राइवेट ब्राउजर और बिना किसी व्यक्तिगत जानकारी वाले बर्नर ईमेल पते का इस्तेमाल करने को कहा गया। एजेंसी ने संदेश भेजते समय अपना शहर, पेशा, पद और संपर्क विवरण भी साझा करने का सुझाव दिया।

टूथपेस्ट की तरह सेवाएं बेच रही है सीआईए: क्यूबा

सीआईए की इस खुली भर्ती की अपील पर क्यूबा के अधिकारियों ने तीखा तंज कसा है। क्यूबा के उप विदेश मंत्री कार्लोस फर्नांडीज डी कोसियो ने एक्स पर लिखा कि अमेरिका अब सीआईए के लिए सार्वजनिक भर्ती का सहारा ले रहा है।

उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि एजेंसी में जरूर कोई भारी हताशा या बदहाली होगी, जिसके चलते उसे टूथपेस्ट के ट्यूब की तरह अपनी सेवाएं बेचनी पड़ रही हैं।

ईरान के बाद क्यूबा का नंबर: डोनल्ड ट्रंप

फ्लोरिडा में एक रैली को संबोधित करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भी क्यूबा में तख्तापलट के साफ संकेत दिए। ट्रंप ने कहा कि मिडिल ईस्ट से लौटते समय अमेरिकी युद्धपोत क्यूबा के खिलाफ सैन्य कार्रवाई कर सकते हैं।

ट्रंप ने कहा कि हम ईरान से लौटते समय थोड़ा रुकेंगे। हमारे शानदार युद्धपोत क्यूबा के पास से गुजरेंगे। हम उनमें से एक जहाज को क्यूबा के तट से सिर्फ 50 गज की दूरी पर रोकेंगे। वे अपने हाथ खड़े कर देंगे और फिर हम इस मामले को अंतिम रूप देने के लिए मार्को रुबियो को भेज देंगे।

क्यूबा के विदेश मंत्री की कड़ी प्रतिक्रिया

ट्रंप की इस खुली धमकी पर क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिग्ज ने कड़ी आपत्ति जताई। ट्रंप के बयानों को खारिज करते हुए रोड्रिग्ज ने एक्स पर लिखा कि क्यूबा के समुद्री तटों पर भले ही खूबसूरत बीच हैं, लेकिन वहां नुकीले चूना पत्थर की चट्टानें भी हैं।

उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि हमारे तट उन लोगों के लिए बेहद खतरनाक और दुर्गम साबित होंगे जो दुश्मनी और गुलामी की नीयत से यहां कदम रखेंगे।

यह भी पढ़ें- भारत में प्रदर्शन पर यूएन की आलोचना को रूबियो ने किया खारिज, बोले- यह आंतरिक राजनीतिक मामला

यह भी पढ़ें- 'शिमला में भुट्टो से मिली थीं इंदिरा', रूबियो से मुंबई में मिलने के विवाद पर बोले जयशंकर