बंगालः खाल के कारोबार पर छह महीने में तीन बार बवाल, कारोबारियों की कुंडली खंगाल रही पुलिस
सिलीगुड़ी में गोवंश की खाल के कारोबार को लेकर पिछले छह महीने में तीन बार विवाद हुआ है, जिसमें हाल ही में पुलिस पर हमला भी शामिल है।

गोवंश की खाल के कारोबार को लेकर बढ़ता विवाद पुलिस के बनी चुनौती। (फोटो-siligurimetropolitanpolice)।
HighLights
सिलीगुड़ी में गोवंश खाल कारोबार पर छह माह में तीन विवाद।
हाल ही में डामराग्राम में पुलिस पर हमला, चार कर्मी घायल।
पुलिस अवैध गोदामों, कारोबारियों की वैधता की कर रही जांच।
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। गोवंश की खाल के कारोबार को लेकर बढ़ता विवाद पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। पिछले छह महीने में इस कारोबार से जुड़ी तीन घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कभी खाल से लदा ट्रक पकड़ा गया तो कभी अवैध गोदाम का खुलासा हुआ। अब प्रधान नगर थाना अंतर्गत डामराग्राम में खाल मिलने के बाद हुए हंगामे और पुलिस पर हमले ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
बीते जून में माटीगाड़ा के पाथरघाटा इलाके में स्थानीय लोगों ने खाल से लदा एक ट्रक पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस को एक अवैध गोदाम का पता चला। वहां रखी खाल जब्त करने के साथ पुलिस ने गोदाम को सील कर दिया था। इसके बावजूद खाल के कारोबार को लेकर विवाद थमा नहीं।
गोवंश की खाल मिलने की सूचना पर विवाद भड़का
ताजा मामला डामराग्राम का है, जहां गोवंश की खाल मिलने की सूचना पर विवाद भड़क उठा। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस पर हमला किया गया। इसमें चार पुलिसकर्मी घायल हुए और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सभी न्यायिक हिरासत में हैं।
बजरंग दल ने गोदाम में गोवंश की कटाई किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में गोदाम के भीतर जानवरों की कटाई का कोई प्रमाण नहीं मिला है।
मालिक-किरायेदार अलग, जांच के घेरे में गोदाम
पुलिस के अनुसार, डामराग्राम स्थित गोदाम काफी पुराना है। इसके मूल मालिक नसीम शेख खाल के कारोबारी बताए जा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने वर्तमान में गोदाम किसी दूसरे व्यक्ति को किराये पर दे रखा है। पुलिस ने मालिक और किरायेदार दोनों को पूछताछ के लिए बुलाया है। उनके दस्तावेजों और कारोबार की वैधता की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पहाड़ी इलाकों में गोवंश के मांस की खपत के कारण खाल का कारोबार और भंडारण भी होता है। हालांकि, इसके पीछे वैध व्यापार है या कोई अवैध गतिविधि, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा के मुताबिक, गोदाम में गोवंश की कटाई के आरोप को लेकर विवाद बढ़ा था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।