विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कर्सियांग के जंगलों में प्रकृति का अद्भुत करिश्मा: एक ही फ्रेम में कैद हुए दो ब्लैक पैंथर, दुर्लभ काला हिरण और सफेद अजगर

Published: Thu, 26 Nov 2026 03:03 PM (IST)

दार्जिलिंग के कर्सियांग वन प्रमंडल में दो ब्लैक पैंथर, दुर्लभ काले काकड़ हिरण और सफेद अजगर जैसे अनोखे वन्यजीव देखे गए हैं, जो क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता को दर्शाते हैं। 

कर्सियांग के जंगलों में घूमता दुर्लभ काला हिरण (फोटो- जागरण)।

कर्सियांग के जंगलों में घूमता दुर्लभ काला हिरण (फोटो- जागरण)।

HighLights

  1. कर्सियांग में दो ब्लैक पैंथर, काला हिरण, सफेद अजगर दिखे।

  2. यह क्षेत्र समृद्ध जैव विविधता और वैज्ञानिक अध्ययन का केंद्र।

  3. वन विभाग दुर्लभ जीवों की सुरक्षा हेतु गश्त बढ़ा रहा है।

मोहन झा, सिलीगुड़ी। दार्जिलिंग को पहाड़ों की रानी यूं ही नहीं कहते हैं। इसके घने जंगलों में इन दिनों कुदरत अपने ऐसे रंग दिखा रही है, जो वन्यजीव विशेषज्ञों को भी आकर्षित कर रहे हैं। कहीं जंगल की खामोशी को चीरता ब्लैक पैंथर नजर आ रहा है तो कहीं सामान्य भूरे रंग से अलग काले रंग का काकड़ हिरण।

यही नहीं, सफेद रंग का अजगर भी यहां जैव विविधता से समृद्ध वन क्षेत्र की दुर्लभ तस्वीर पेश कर चुका है। कर्सियांग फारेस्ट डिवीजन के जंगलों में दर्ज हो रही इन दुर्लभ वन्यजीव प्रजातियों ने दार्जिलिंग की जैव विविधता को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

दिखे दो ब्लैक पैंथर

डाउहिल के जंगलों में वन विभाग की निगरानी के दौरान मेलानिस्टिक लेपर्ड यानी ब्लैक पैंथर की मौजूदगी सामने आती रही है। ट्रैप कैमरे में एक ही फ्रेम में दो ब्लैक पैंथर का कैद होना वन्यजीव प्रेमियों के लिए खास आकर्षण का विषय बना। अभी हाल में ही एक पर्यटक ने भी काला काकड़ हिरण को देखा।

इस वजह से होता है बदलाव

पशु विशेषज्ञों के अनुसार, मुख्य रूप से प्रजनन संबंधी या आनुवंशिक विशेषताओं में होने वाले बदलाव अथवा आनुवंशिक दोषों के कारण जीवों के शरीर में मेलेनिन नामक रंगद्रव्य की मात्रा सामान्य से काफी अधिक बढ़ जाती है। जिस प्रकार सामान्य तेंदुए के शरीर में मेलानिज़्म के कारण गहरा काला रंग उभर आता है और वह काला तेंदुआ बन जाता है। ठीक उसी प्रकार इसी कारण सामान्य बार्किंग डियर (भौंकने वाला हिरण) के शरीर में भी काले रंग की मात्रा कई गुना बढ़ जाती है, जिससे उसका पूरा शरीर गहरे काले रंग का हो जाता है।

10 लाख में दिखते हैं मात्र एक

वन अधिकारियों के अनुमान के अनुसार, लगभग दस लाख सामान्य हिरणों में से केवल एक हिरण में ही इस तरह का दुर्लभ परिवर्तन देखने को मिल सकता है। ये मुख्य रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में पाए जाने वाले बार्किंग डियर यानी हिरण हैं। इससे पहले पहाड़ों के वन विभाग द्वारा किए गए शोध में भी इस तरह के मेलानिस्टिक हिरणों के अस्तित्व का उल्लेख किया गया था।

पहली बार दिखा काला हिरण

इसके अलावा, पिछले कुछ वर्षों के दौरान डाउहिल, बागोरा और मिरिक जैसे विस्तृत पहाड़ी इलाकों में कई बार काले तेंदुए यानी मेलानिस्टिक लेपर्ड की मौजूदगी स्पष्ट रूप से सामने आई थी। लेकिन राज्य वन विभाग के पूरे इतिहास में इस तरह खुलेआम विचरण करते हुए पूरी तरह काले हिरण को देखने का मामला इससे पहले कभी दर्ज नहीं किया गया था। वन्यजीव विशेषज्ञों के लिए यह न केवल कौतूहल का विषय है, बल्कि क्षेत्र में मौजूद आनुवंशिक विविधता को समझने का अवसर भी है।

सफेद अजगर ने भी खींचा ध्यान

कर्सियांग के जंगलों की जैव विविधता का दायरा केवल स्तनधारियों तक सीमित नहीं है। वन विभाग के रेस्क्यू अभियानों के दौरान सफेद रंग के अजगर यानी अल्बिनो पाइथन की मौजूदगी भी सामने आ चुकी है। पिगमेंट की कमी के कारण इनका रंग सामान्य अजगरों से बिल्कुल अलग दिखाई देता है। वन विभाग की ओर से ऐसे वन्यजीवों को सुरक्षित रेस्क्यू कर उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाता है।

तराई और पहाड़ के बीच जैव विविधता का गलियारा

कर्सियांग वन प्रमंडल की सबसे बड़ी खासियत इसकी भौगोलिक स्थिति है। यह क्षेत्र उत्तर बंगाल की तराई और हिमालयी पर्वतीय जंगलों के बीच संक्रमण क्षेत्र के रूप में काम करता है। ऊंचाई, तापमान और वनस्पतियों में बदलाव के कारण यहां अलग-अलग प्रकार के जीवों के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनती हैं। यही वजह है कि एक ही वन क्षेत्र में अलग-अलग जलवायु क्षेत्रों से जुड़ी वनस्पतियां और वन्यजीव देखने को मिलते हैं।

वैज्ञानिक अध्ययन की संभावनाएं बढ़ीं

विशेषज्ञों के अनुसार, किसी जंगल में तेंदुए और उसके साथ काकड़ जैसे शाकाहारी जीवों का पाया जाना वहां की खाद्य श्रृंखला और पारिस्थितिकी के लिए महत्वपूर्ण संकेत है। हालांकि केवल किसी एक प्रजाति की मौजूदगी के आधार पर पूरे इकोसिस्टम को संतुलित घोषित नहीं किया जा सकता, लेकिन दुर्लभ वन्यजीवों की लगातार रिकॉर्डिंग इस क्षेत्र में विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन की संभावनाएं जरूर बढ़ाती है।

ट्रैप कैमरे बने जंगल की आंख

दुर्लभ वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग जंगलों में ट्रैप कैमरों का इस्तेमाल कर रहा है। इससे वन्यजीवों की आवाजाही, संख्या और गतिविधियों को बिना उनके प्राकृतिक व्यवहार में हस्तक्षेप किए दर्ज करना संभव होता है। साथ ही शिकारियों और वन्यजीव तस्करों पर निगरानी रखने में भी यह तकनीक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

कई अनसुलझे रहस्यों की झलक

कर्सियांग के जंगलों में ब्लैक पैंथर, काला काकड़ और सफेद अजगर जैसे दुर्लभ जीवों की मौजूदगी इस क्षेत्र को महज पर्यटन स्थल से कहीं अधिक महत्वपूर्ण बनाती है। यह जंगल उत्तर बंगाल की प्राकृतिक प्रयोगशाला हैं, जहां प्रकृति, आनुवंशिकी और पारिस्थितिकी के कई अनसुलझे रहस्यों की झलक मिलती है। जरूरत है कि दुर्लभ वन्यजीवों की मौजूदगी को प्रचार से अधिक वैज्ञानिक अध्ययन और मजबूत संरक्षण से जोड़ा जाए, ताकि कुदरत के ये अनोखे रंग आने वाली पीढ़ियों के लिए भी सुरक्षित रह सकें।

समृद्ध जैव-विविधता का प्रमाणः डीएफओ

कर्सियांग के डीएफओ देवेश पांडे ने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखा जाए तो तेंदुए के शरीर में मेलेनिन नामक काले पिगमेंट का उत्पादन सामान्य से अधिक होने पर उसका ऊपरी खाल और रोआं पूरी तरह काला दिखाई देता है।

जीन के कारणों से जानवरों के खाल का रंग काला या सफेद होना स्वाभाविक है। लेकिन कुदरत का करिश्मा यह है कि कर्सियांग के जंगल में दो ब्लैक पैंथर, ब्लैक बार्किंग डियर और सफेद अजगर है। बल्कि काला तेंदुआ और हिरण का बार-बार दिखना यह प्रमाणित करता है कि कर्सियांग के जंगलों में इनकी संख्या लगातार बढ़ रही है, जो कि विश्व में और कहीं देखने को नहीं मिलता है। यह कर्सियांग के जंगल की समृद्ध जैव-विविधता का प्रमाण है।

तस्करी ने बढ़ाई चिंता

हालांकि, इस खुशी के साथ-साथ वन विभाग की चिंताएं भी कम नहीं हैं। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के बेहद दुर्लभ और आकर्षक हिरण अंतरराष्ट्रीय शिकारियों के गिरोह का प्रमुख निशाना बन सकते हैं। इसलिए इनके जीवन और पूर्ण सुरक्षा को सुनिश्चित करने के मामले में वन विभाग किसी भी तरह की लापरवाही बरतने को तैयार नहीं है।

अवैध शिकार को पूरी तरह रोकने और हिरणों पर 24 घंटे निगरानी रखने के लिए पूरे डाउहिल और उसके आसपास के विस्तृत वन क्षेत्रों में विशेष गश्ती दल गठित किए गए हैं। जंगल में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के साथ-साथ अधिक संख्या में वनकर्मियों को भी तैनात किया गया है, ताकि पहाड़ों की रानी के ये नए मेहमान अपने प्राकृतिक आवास में पूरी तरह सुरक्षित रहकर स्वतंत्र रूप से विचरण कर सकें।

मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज में लापरवाही: प्रसूता वार्ड में मरीजों के खाने में निकला बिच्छू, तीन कर्मचारी सस्पेंड

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।