मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज में लापरवाही: प्रसूता वार्ड में मरीजों के खाने में निकला बिच्छू, तीन कर्मचारी सस्पेंड
बंगाल के मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों को परोसे गए भोजन में बिच्छू मिलने से हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है।

खाने में बिच्छू निकलने के बाद तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। (एआई से निर्मित फोटो)।
HighLights
मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज में मरीजों के खाने में बिच्छू मिला।
घटना के बाद तीन कर्मचारियों को तत्काल निलंबित किया गया।
अस्पताल प्रशासन ने जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी बनाई।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। बंगाल के मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मातृमा विभाग में मरीजों को परोसे गए भोजन में बिच्छू मिलने से हड़कंप मच गया। भोजन में बिच्छू मिलने की शिकायत सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।
घटना की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। इसमें अस्पताल के उप अधीक्षक और सहायक अधीक्षक शामिल हैं। कमेटी जल्द अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसे स्वास्थ्य विभाग को भेजा जाएगा।
भात में मिला बिच्छू, मरीजों में दहशत
जानकारी के अनुसार, मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मातृमा विभाग में दोपहर का भोजन एक निजी संस्था की ओर से उपलब्ध कराया जाता है। इसी क्रम में मरीजों को भोजन परोसा गया। इसी दौरान कुछ मरीजों ने भात में बिच्छू देखा। इसके बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस
सूचना मिलने पर चिकित्सक और अस्पताल के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही भोजन की आपूर्ति करने वाली संस्था के प्रतिनिधियों को भी तलब किया गया। घटना के लिए जिम्मेदार माने जा रहे तीन कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस देने के साथ निलंबित किया गया है।
अस्पताल अधीक्षक ने कहा, कोई मरीज बीमार नहीं
अस्पताल अधीक्षक डॉ. सौरदीप राय ने बताया कि घटना सामने आई है, लेकिन किसी मरीज की तबीयत खराब नहीं हुई है। सभी मरीज स्वस्थ हैं। दूसरी ओर, मरीजों के स्वजन ने अस्पताल में भोजन की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं।
उनका कहना है कि अस्पताल में परोसे जाने वाले भोजन में इस तरह की लापरवाही सामने आने से मरीजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अस्पताल प्रशासन ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
'कार में दुष्कर्म और मारपीट के नहीं मिले सबूत', 15 साल की सजा पा चुके आरोपी को SC ने किया बरी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।