बारासात में विदेशी नस्ल के कुत्तों से अवैध प्रजनन कराकर बेचते थे पिल्ले, दो आरोपित गिरफ्तार
बारासात में विदेशी नस्ल के कुत्तों का स्थानीय कुत्तों से अवैध प्रजनन कराकर पिल्लों को मोटी रकम में बेचने का मामला सामने आया है।

कुत्तों के अवैध प्रजनन को लेकर आरोपित गिरफ्तार। (प्रस्तुतिकरण के लिए एआई द्वारा निर्मित फोटो।)
जागरण संवाददाता, बारासात। विदेशी नस्ल के कुत्तों का स्थानीय कुत्तों के साथ अवैध प्रजनन कराकर उनके पिल्लों को मोटी रकम में बेचने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इस धंधे के लिए कुत्तों को एक मकान में कैद करके रखा जाता था और उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता था। पुलिस ने छापेमारी कर 12 विदेशी नस्ल के कुत्तों को बरामद किया है। वहीं, मकान से दो कुत्तों के शव भी मिले हैं।
जानकारी के अनुसार, गोबरडांगा के सरकारपाड़ा स्थित एक मकान में लंबे समय से यह धंधा चल रहा था। आरोप है कि विदेशी नस्ल के कुत्तों को लाकर स्थानीय कुत्तों के साथ उनका प्रजनन कराया जाता था। इसके बाद पैदा होने वाले पिल्लों को ऊंची कीमत पर बेच दिया जाता था। कुत्तों को बेहद खराब परिस्थितियों में रखा जाता था और उन्हें पर्याप्त भोजन भी नहीं दिया जाता था।
गायघाटा के रहने वाले दो आरोपित गिरफ्तार
मामले की जानकारी मिलने पर वेस्ट बंगाल एनिमल एक्टिविस्ट संगठन के सदस्यों ने गोबरडांगा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर पुलिस ने मकान में छापेमारी की और अनिमेष घोष उर्फ मिठू तथा अंजन राय को गिरफ्तार किया। दोनों गायघाटा के रहने वाले हैं।
मृत कुत्तों का पोस्टमार्टम
बरामद कुत्तों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर उनका इलाज शुरू कराया गया है। दो मृत कुत्तों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बारासात अदालत ने एक आरोपित को पुलिस हिरासत और दूसरे को जेल हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है। पुलिस इस गिरोह में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।