बंगाल: PM मत्स्य संपदा योजना के तहत गंगा में छोड़ी गईं ढाई लाख मछलियां, बढ़ते प्रदूषण पर मंत्री ने जताई चिंता
बरानगर के आलम बाजार घाट पर प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत गंगा में ढाई लाख देशी मछलियां छोड़ी गईं। मंत्री दिलीप घोष ने गंगा में घटती मछलियों और बढ़ते प्रदूषण पर चिंता व्यक्त करते हुए स्वच्छता पर जोर दिया।

गंगा में छोड़ी गईं ढाई लाख देशी प्रजाति की मछलियां। (फोटो-जागरण)
HighLights
बरानगर घाट पर ढाई लाख देशी मछलियां गंगा में छोड़ी गईं।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत हुआ यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम।
मंत्री दिलीप घोष ने गंगा प्रदूषण पर गहरी चिंता व्यक्त की।
जागरण संवाददाता, बैरकपुर। गंगा में घटती मछलियों की संख्या और बढ़ते प्रदूषण के बीच शुक्रवार को बरानगर के आलम बाजार स्थित ऐतिहासिक गंगा घाट पर करीब ढाई लाख देशी प्रजाति की मछलियां छोड़ी गईं।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत आयोजित मत्स्य संचरण कार्यक्रम में राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष शामिल हुए।
इस मौके पर मंत्री ने गंगा में मछलियों की घटती संख्या पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पहले लोग गंगा से मछलियां पकड़कर खाते थे, लेकिन अब नदी में मछलियां छोड़ने की जरूरत पड़ रही है।
प्रदूषण और अत्यधिक मछली पकड़ने के कारण मछलियों का प्रजनन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि गंगा का जल हमारे लिए पवित्र है और मछलियां हमारी महत्वपूर्ण संपत्ति हैं।
दिलीप घोष ने गंगा की स्वच्छता पर जोर देते हुए कहा कि केवल विशेष अवसरों पर घाटों की सफाई करने से काम नहीं चलेगा। नदी किनारे रहने वाले लोगों को नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने चेताया कि समय रहते प्रदूषण पर नियंत्रण नहीं किया गया तो गंगा का पानी उपयोग और पूजा के योग्य भी नहीं रह जाएगा।