कोलकाता की प्रेसीडेंसी सुधार गृह में बंदी की मौत, खून से लथपथ मिला शव
कोलकाता के प्रेसीडेंसी सुधार गृह में एक विचाराधीन बंदी मोहम्मद अली का शव रक्तरंजित अवस्था में मिला, जिससे हड़कंप मच गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
प्रेसीडेंसी सुधार गृह में विचाराधीन बंदी का रक्तरंजित शव मिला।
मृतक मोहम्मद अली के सिर और चेहरे पर चोट के निशान।
पुलिस घटना की जांच कर रही, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। प्रेसीडेंसी सुधार गृह में गुरुवार को एक विचाराधीन बंदी का शव रक्तरंजित अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मोहम्मद अली (44) के रूप में हुई है। घटना की जांच हेस्टिंग्स थाने की पुलिस कर रही है। हत्या जांच शाखा के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम थाना क्षेत्र के बांकड़ा-बांसतला का निवासी था। उसके पिता का नाम मोहम्मद जलाल है। वह लंबे समय से प्रेसीडेंसी सुधार गृह में विचाराधीन बंदी के रूप में था। गुरुवार को नियमित गणना के दौरान वह अनुपस्थित पाया गया।
खोजबीन के दौरान 44 नंबर वार्ड के पास एक संकरे मार्ग में उसका शव रक्तरंजित अवस्था में मिला। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके सिर के पिछले हिस्से और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं।
कारा विभाग के सूत्रों के अनुसार मोहम्मद अली के विरुद्ध एंटाली थाने और सियालदह जीआरपी में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें मादक पदार्थों की तस्करी का प्रकरण भी सम्मिलित है।
हालांकि, मृत्यु का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। किसी अन्य बंदी के साथ उसका संघर्ष हुआ था या नहीं, पुलिस इसकी जांच कर रही है। सुधार गृह प्रबंधन के सहयोग से पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल BJP का बड़ा फैसला: अब भाजपा युवा मोर्चा पर भी लगा बयानबाजी का पहरा, राजनीति पर बोलने की मनाही