पश्चिम बंगाल BJP का बड़ा फैसला: अब भाजपा युवा मोर्चा पर भी लगा बयानबाजी का पहरा, राजनीति पर बोलने की मनाही
पश्चिम बंगाल भाजपा युवा मोर्चा के नेताओं को मीडिया में राज्य प्रशासन और राजनीतिक गतिविधियों पर टिप्पणी करने से रोक दिया गया है।

अब भाजपा युवा मोर्चा पर भी लगा बयानबाजी का पहरा। फाइल फोटो- जागरण
HighLights
युवा मोर्चा नेताओं को मीडिया में बयानबाजी से रोका गया।
राज्य प्रशासन और राजनीतिक गतिविधियों पर टिप्पणी वर्जित।
भ्रष्टाचार और वसूली से दूर रहने की सख्त चेतावनी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में भाजपा ने अब अपने युवा मोर्चा के नेताओं और कार्यकर्ताओं की बयानबाजी पर भी लगाम कस दी है। राज्य प्रशासन, सरकार के कामकाज और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर मीडिया में किसी तरह की टिप्पणी नहीं करने का सख्त निर्देश दिया गया है। बुधवार को साल्टलेक स्थित भाजपा कार्यालय में युवा मोर्चा की बैठक में संगठन के अध्यक्ष अमित सामंत ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को यह हिदायत दी।
साथ ही उन्हें भ्रष्टाचार और वसूली जैसी गतिविधियों से पूरी तरह दूर रहने की चेतावनी भी दी गई। बैठक में सांसद व भाजपा के प्रदेश महासचिव सौमित्र खान, युवा मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष सौमेन कारफा समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। इस दौरान जिला और विभाग स्तर पर नवनियुक्त पदाधिकारियों के बीच संगठनात्मक जिम्मेदारियों का बंटवारा भी किया गया।
नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि जिला स्तर के शीर्ष नेताओं की गतिविधियों, संगठन, पार्टी के आंतरिक मामलों और राजनीतिक विषयों पर कोई भी पदाधिकारी मीडिया के सामने अपनी राय नहीं रखेगा। पार्टी के निर्देशों का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य होगा।
सरकार के बाद संगठन में भी सख्ती
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने मंत्रियों के सरकार के कामकाज पर अलग-अलग बयान देने को लेकर नाराजगी जताई थी। इसके बाद सोमवार को मुख्यमंत्री ने भी राज्य सरकार और प्रशासनिक कामकाज पर मंत्रियों की सार्वजनिक टिप्पणी को सीमित करने की घोषणा की थी।
सरकार की ओर से समग्र विषयों पर मीडिया से संवाद करने के लिए तीन मंत्रियों तापस राय, दीपक बर्मन और उमेश राय को जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि, अन्य मंत्री अपने विभागों से जुड़े विषयों पर बोल सकेंगे।
वसूली और भ्रष्टाचार से दूर रहने की चेतावनी
युवा मोर्चा की बैठक में नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से आगाह किया कि कोलकाता समेत किसी भी जिले में वे भ्रष्टाचार या वसूली की गतिविधियों में शामिल न हों।
संगठन की छवि और अनुशासन बनाए रखने के लिए शीर्ष नेतृत्व ने इस मामले में सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। जिला और विभाग स्तर पर जिम्मेदारियों के बंटवारे के साथ युवा मोर्चा को संगठनात्मक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करने का निर्देश दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।