बंगाल: उत्तर 24 परगना में नशा तस्करी पर कार्रवाई, लेकटाउन में प्रतिबंधित कफ सिरप फेंसिडिल की 25 पेटियां जब्त; 4 गिरफ्तार
लेकटाउन पुलिस ने नाका चेकिंग के दौरान फेंसिडिल की 25 पेटियां जब्त कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है कि यह खेप कहां से आई और कहां जानी थी।
HighLights
लेकटाउन पुलिस ने 25 पेटियां फेंसिडिल जब्त कीं।
नाका चेकिंग के दौरान चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
तस्करी में इस्तेमाल टाटा एस वाहन भी जब्त किया गया।
जागरण संवाददाता, विधाननगर। लेकटाउन थाना पुलिस ने मंगलवार की देर रात नाका चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए फेंसिडिल की 25 पेटियां जब्त की हैं। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक टाटा एस वाहन को भी जब्त किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार रात लेकटाउन थाना क्षेत्र के तेलतला, यशोर रोड पर नाका चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध टाटा एस वाहन को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान वाहन से फेंसिडिल की 25 पेटियां बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस ने वाहन में सवार चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
बुधवार को सभी आरोपितों को विधाननगर अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फेंसिडिल की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।