बंगालः कल्याणी एक्सप्रेसवे पर दो दिन में दो मौत के बाद गुस्साए लोगों ने जाम की सड़क, पुलिस से भी हुई कहासुनी
कल्याणी एक्सप्रेसवे पर निमता क्षेत्र में दो दिनों में दो सड़क हादसों में मौत के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

हादसे में मौत के बाद लोगों ने जाम की सड़क (फोटो- जागरण)।
HighLights
कल्याणी एक्सप्रेसवे पर दो दिन में दो सड़क हादसों में मौतें।
निमता में मैटाडोर पलटने से छाता विक्रेता की मौत हुई।
गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर पुलिस से विरोध जताया।
जागरण संवाददाता बैरकपुर। कल्याणी एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। निमता थाना क्षेत्र में गुरुवार के बाद शनिवार को फिर एक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। लगातार दूसरे हादसे के बाद इलाके में तनाव फैल गया और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
शनिवार की दोपहर सोदपुर की ओर से निमता की तरफ जा रहा ईंट लदा एक मैटाडोर कल्याणी एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलट गया। इसकी चपेट में सड़क किनारे बैठे एक छाता विक्रेता आ गए। वाहन के नीचे दबने से उनकी मौत हो गई।

तेज रफ्तार से पलटी गाड़ी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि एक मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर मैटाडोर का पीछा कर रहे थे। इसी दौरान चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस से कहासुनी के बाद सड़क पर आवागमन बाधित
मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी स्थानीय लोगों की कहासुनी हुई। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मैटाडोर चालक को उनके सामने लाया जाए। इसके बाद कल्याणी एक्सप्रेसवे की एयरपोर्ट जाने वाली लेन पर आवागमन बाधित हो गया।
दो दिन पहले डाक्टर की गई थी जान
गौरतलब है कि गुरुवार (26 नवंबर) को इसी निमता थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी मोड़ के पास डंपर की चपेट में आने से होम्योपैथिक चिकित्सक सुकुमार दास की मौत हो गई थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया था। पुलिस ने डंपर जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया था।
एक महीने में कई बड़े हादसे
कल्याणी एक्सप्रेसवे पर पिछले एक महीने की प्रमुख दुर्घटनाओं पर नजर डालें तो 16 अक्टूबर को मोहनपुर मोड़ के पास हादसे में तीन लोगों की मौत हुई थी। 17 अक्टूबर को बैरकपुर वायरलेस मोड़ के पास कार और बाइक की टक्कर में तीन लोगों की जान गई। 19 अक्टूबर को रुइया इलाके में दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद 26 और 28 नवंबर को निमता में दो और जानें गईं। इस तरह मीडिया में सामने आई इन पांच प्रमुख घटनाओं में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई है।
नियमों के पालन की अपील
डीसी ट्रैफिक राजनारायण मुखर्जी के अनुसार, पुलिस की ओर से विभिन्न स्थानों पर सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं। यातायात नियमों का उल्लंघन और लापरवाही से वाहन चलाना दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।