बंगाल: पूर्व विधायक तापस के करीबी शेख आजाद की एक और अवैध इमारत पर चला बुलडोजर, पुलिस बल तैनात
पूर्व विधायक तापस चट्टोपाध्याय के करीबी शेख आजाद की मुश्किलें बढ़ गई हैं, विधाननगर नगर निगम ने राजारहाट-नारायणपुर के घोषपाड़ा में उनकी एक और कथित अवैध इमारत को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू हुई है।

इमारत तोड़ते नगर निगम के कर्मचारी की तस्वीर (फोटो- जागरण)।
HighLights
शेख आजाद की घोषपाड़ा में चार मंजिला अवैध इमारत ध्वस्त।
विधाननगर नगर निगम ने बिना अनुमति निर्माण पर की कार्रवाई।
पूर्व में भी शेख आजाद का अवैध रेस्तरां गिराया गया था।
जागरण संवाददाता, विधाननगर। राजारहाट-न्यूटाउन के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक तापस चट्टोपाध्याय के करीबी माने जाने वाले शेख आजाद की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। राजारहाट-नारायणपुर के घोषपाड़ा इलाके में उसकी एक और कथित अवैध इमारत पर विधाननगर नगर निगम का बुलडोजर चला।
शनिवार को निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने चार मंजिला इमारत को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी। अभियान के दौरान इलाके में हलचल मची रही।
बिना दस्तावेज के किया निर्माण
आरोप है कि शेख आजाद ने बिना वैध दस्तावेज और जरूरी अनुमति के इस चार मंजिला इमारत का निर्माण कराया था। विधाननगर नगर निगम की ओर से पहले ही इमारत को अवैध घोषित कर मालिक पक्ष को स्वयं इसे तोड़ने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, निर्धारित समय के बावजूद इमारत नहीं तोड़ी गई। इसके बाद निगम ने खुद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी।
पहले भी हुआ है एक्शन
गौरतलब है कि इससे पहले भी निगम ने शेख आजाद के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजारहाट-नारायणपुर के मणिखोला इलाके में कथित तौर पर अवैध रूप से बनाए गए उसके रेस्तरां को ध्वस्त किया था। अब घोषपाड़ा में चार मंजिला इमारत पर हुई कार्रवाई को लेकर इलाके में चर्चा तेज हो गई है।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
ध्वस्तीकरण अभियान के मद्देनजर घटनास्थल पर विधाननगर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नारायणपुर थाने की भारी पुलिस बल तैनात रही। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।