बंगालः जहरीला पदार्थ खाने से बीमार हुईं हिंगलगंज की बीजेपी विधायक रेखा, घरवालों ने जताई साजिश की आशंका
हिंगलगंज की भाजपा विधायक रेखा पात्र की तबीयत में सुधार है, जिन्हें संदिग्ध जहरीला पदार्थ खाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी बहन ने साजिश की आशंका जताई है।

हिंगलगंज की भाजपा विधायक रेखा पात्र की तस्वीर (फाइल फोटो)
HighLights
भाजपा विधायक रेखा पात्र की तबीयत में काफी सुधार हुआ।
उनकी बहन ने जहरीले पदार्थ सेवन में साजिश की आशंका जताई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, दो लोगों से पूछताछ।
जागरण संवाददाता, बशीरहाट। हिंगलगंज की भाजपा विधायक रेखा पात्र की तबीयत में अब काफी सुधार है। वह धीरे-धीरे बातचीत कर रही हैं। मुकुंदपुर स्थित निजी अस्पताल में उनसे मिलने पहुंचे लोगों के सवालों का उन्होंने इशारों में जवाब भी दिए।
उनकी तबीयत बिगड़ने के पीछे की वजह अब भी स्पष्ट नहीं हो पाई है। इस बीच उनकी बड़ी बहन रेबा नस्कर ने मामले में साजिश की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
हमेशा साथ रहती हैं बहन
रेबा ने कहा कि वह हमेशा रेखा के साथ रहती हैं, इसके बावजूद उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर यह घटना कैसे हुई। घर में कभी घास मारने वाला कीटनाशक रखा हुआ उन्होंने नहीं देखा। उन्होंने आशंका जताई कि रेखा के स्पष्टवादी स्वभाव और बेबाक बयानों से नाराज होकर कोई उनके खिलाफ साजिश कर सकता है। हालांकि, उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया।
ससुर ने लगाया दूरी बनाने का आरोप
दूसरी ओर, संदेशखाली के पात्रपाड़ा में रेखा के ससुर धीरेन पात्र ने आरोप लगाया कि विधायक बनने के बाद रेखा ने परिवार से दूरी बना ली। उन्होंने दावा किया कि रेखा के पति संदीप के साथ भी मारपीट कराई गई थी। रेखा की सास अनुपमा ने भी कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद से रेखा ने परिवार की कोई सुध नहीं ली।
पति ने पूरे मामले पर जताई अनभिज्ञता
पति संदीप ने भी कहा था कि इस पूरे मामले से वे अनभिज्ञ हैं। हालांकि बशीरहाट पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू की है इस क्रम में दो लोगों से पूछताछ भी की गई है।
गौरतलब है कि शनिवार की रात संदिग्ध विषाक्त पदार्थ के सेवन के बाद रेखा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके शरीर में कीटनाशक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। मंगलवार को उनका दोबारा सीटी स्कैन किया गया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।