बैरकपुर: खेल के मैदान पर कब्जे की कोशिश से तनाव, विरोध करने वालों को मिली धमकी
बैरकपुर के जगदल स्थित नेहरू मार्केट में खेल के मैदान पर कब्जे की कोशिश से तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों के विरोध किया।

लोगों से बात करते विधायक डॉ राजेश कुमार (फोटो-जागरण)।
HighLights
जगदल के नेहरू मार्केट में मैदान पर कब्जे का प्रयास।
स्थानीय लोगों और महिलाओं ने किया जोरदार विरोध।
विधायक डॉ. राजेश कुमार ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, बैरकपुर। जगदल के नेहरू मार्केट स्थित नवीन पल्ली इलाके में खेल के मैदान की जमीन पर कब्जे की कोशिश को लेकर गुरुवार को तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ लोगों ने मैदान की जमीन पर अपना दावा करते हुए वहां तार से घेराबंदी करने की कोशिश की।
इसका विरोध करने पर इलाके की महिलाओं और अन्य लोगों को धमकाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक डॉ. राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली।
कब्जा करने की कोशिश नहीं होगी बर्दाश्त
विधायक ने कहा कि गलत दस्तावेज तैयार कर किसी भी खेल के मैदान पर कब्जा करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहेंगे। इलाके में न तो खेल के मैदानों पर कब्जा होने दिया जाएगा और न ही किसी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त की जाएगी।
घेराबंदी से लोगों में नाराजगी
वहीं, स्थानीय लोगों का दावा है कि यह मैदान करीब 40 वर्षों से इलाके में स्थित एक क्लब के सामने है। यहां कई स्कूलों के खेलकूद सहित विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन होता रहा है। लोगों का कहना है कि मैदान का इस्तेमाल लंबे समय से सामुदायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। ऐसे में इसकी घेराबंदी की कोशिश से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।