बंगालः गेम खेलने का लालच देकर खाता खुलवाया, ATM- चेकबुक ठगों को बेचा; जामताड़ा गैंग का खुलासा
बारासात में गेमिंग का लालच देकर बैंक खाते खुलवाकर जामताड़ा गैंग के साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। इस गिरोह ने 53 से अधिक खातों का उपयोग कर करोड़ों की ठगी की।

साइबर ठगी के मामले में अब तक सात लोगों की गिरफ्तरी हो चुकी है। (एआई इमेज)।
HighLights
गेमिंग लालच से खाते खुलवाकर जामताड़ा गैंग ने ठगी की।
किशोर के खाते से शुरू हुई जांच, सात आरोपी गिरफ्तार।
53 खातों से करोड़ों की ठगी, मास्टरमाइंड की तलाश।
जागरण संवाददाता, बारासात। किसी को गेम खेलने का लालच देकर बैंक खाता खुलवाना, फिर उस खाते की पासबुक, एटीएम कार्ड और चेकबुक मोटी रकम के कमीशन पर साइबर ठगों को बेच देना। इसके बाद अलग-अलग राज्यों में लोगों से ठगी गई रकम इन्हीं खातों में मंगवाकर एटीएम के जरिए निकाल लेना।
अमडांगा के एक किशोर के बैंक खाते से शुरू हुई जांच में जामताड़ा गैंग के साइबर ठगी के इसी पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ है। अब पुलिस की नजर गिरोह के उस मास्टरमाइंड पर है, जो इस नेटवर्क को संचालित कर रहा था।
अब तक सात लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी
इस मामले में दो और आरोपितों मेहताब हुसैन और राहुल हालदार की गिरफ्तारी के बाद पकड़े गए लोगों की संख्या सात हो गई है। इससे पहले झारखंड के गिरिडीह से सोनू अंसारी और शाहबाज अंसारी समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था।
ठगी का रकम निकालते थे दोनों
मेहताब और राहुल को विधाननगर दक्षिण थाना क्षेत्र के बसंती देवी कॉलोनी स्थित एक फ्लैट से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, दोनों गिरोह के लिए ठगी की रकम निकालने का काम करते थे। बारासात के एक राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा के खाते से 75 लाख रुपये एटीएम कार्ड के जरिए निकाले गए थे।
किशोर का खाता बना ठगी का जरिया
जांच की शुरुआत अमडांगा के एक किशोर के परिवार की शिकायत से हुई थी। आरोप है कि गेम खेलने का प्रलोभन देकर स्थानीय युवक दिव्यज्योति सरकार ने परिवार से दस्तावेज लेकर किशोर के नाम पर बैंक खाता खुलवाया। लेकिन खाते की पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य बैंकिंग किट परिवार को देने के बजाय उसने मोटे कमीशन पर जामताड़ा गैंग को बेच दिए।
53 खातों से करोड़ों की ठगी
पुलिस को जांच में पता चला कि इसी तरीके से 53 म्यूल खाते खुलवाए गए और इनके जरिए करोड़ों रुपये की ठगी की गई। अब तक 40 ऐसे खातों का पता चला है। गिरोह का नेटवर्क 23 राज्यों में फैला था और 104 साइबर ठगी की घटनाओं से इसके जुड़े होने का दावा है। अलग-अलग राज्यों में इसके सहयोगी दस्तावेज जुटाने, खाते खुलवाने और बैंकिंग किट गिरोह तक पहुंचाने का काम करते थे।
मास्टरमाइंड का करीबी है मेहताब
जांचकर्ताओं के मुताबिक, मेहताब अंसारी का एक करीबी इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड है। मेहताब से पूछताछ कर पुलिस अब मुख्य सरगना तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। साथ ही ठगी की रकम किन खातों में भेजी जाती थी और एटीएम से निकालने के बाद कहां पहुंचाई जाती थी, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।