पश्चिम बंगाल में महंगाई पर लगेगी लगाम: खुलेंगे 2500 नए 'सुफल बांग्ला' स्टाल, सस्ते दामों पर मिलेंगी सब्जियां-मछली
बंगाल सरकार ने सब्जियों, मछली और अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण के लिए 'सुफल बांग्ला' स्टालों का नेटवर्क बढ़ाने का निर्णय लिया है।
-1790956280098-1795708384256_m.webp)
पश्चिम बंगाल में खोले जाएंगे 2500 नए 'सुफल बांग्ला' स्टाल। (फाइल फोटो)
HighLights
आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण का प्रयास।
राज्य में 2500 नए 'सुफल बांग्ला' स्टाल खुलेंगे।
बिचौलियों को हटाकर किसानों को मिलेगा उचित मूल्य।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सब्जियों, मछली, मांस, अंडे और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए राज्य सरकार ने वैकल्पिक व्यवस्था तैयार की है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर कृषि विपणन विभाग पूरे राज्य में 'सुफल बांग्ला' स्टालों का नेटवर्क बढ़ाने जा रहा है। इसके तहत चरणबद्ध तरीके से 2500 नए स्टाल खोले जाएंगे।
सरकार की योजना बिचौलियों का दखल कम करने के लिए किसानों से सीधे फसल खरीदकर इन स्टालों के माध्यम से उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की भी है।
कृषि विपणन विभाग के अनुसार, फिलहाल राज्य में 456 'सुफल बांग्ला' स्टाल संचालित हैं। इनमें से अधिकांश कोलकाता और आसपास के शहरी क्षेत्रों में हैं।
अब इनकी पहुंच जिलों तक बढ़ाने की तैयारी है। चालू वित्त वर्ष के भीतर स्टालों की संख्या बढ़ाकर 1500 करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद अगले वित्त वर्ष में एक हजार और नए स्टाल खोले जाएंगे।
सरकार का मानना है कि इन स्टालों पर खुले बाजार की तुलना में कम कीमत पर ताजी सब्जियां और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुएं उपलब्ध कराने से आम लोगों को राहत मिलेगी।
साथ ही, किसानों से सीधे उपज खरीदने पर उन्हें उचित मूल्य मिलेगा और बिचौलियों की भूमिका कम होगी। प्रशासन का आकलन है कि सुफल बांग्ला के स्टालों पर कम कीमत में सामान मिलने से खुले बाजार के कारोबारियों पर भी कीमतें घटाने का दबाव बनेगा।
बाजार में आपूर्ति की कमी और बिचौलियों पर नजर
राज्य के खुदरा बाजारों में फिलहाल महंगाई का असर साफ दिख रहा है। बैंगन 100 रुपये और परवल 80 रुपये किलो बिक रहा है, जबकि शिमला मिर्च की कीमत 200 रुपये किलो तक पहुंच गई है। मुर्गी के अंडे की कीमत भी प्रति पीस आठ से साढ़े आठ रुपये हो गई है।
रोहू को छोड़ दें तो कतला, झींगा, भेटकी और पाबदा जैसी मछलियां 500 रुपये किलो से कम में उपलब्ध नहीं हैं। मंगलवार को नवान्न में महंगाई पर नियंत्रण के लिए हुई आपात बैठक में मुख्यमंत्री ने इस स्थिति पर चिंता जताई थी।
प्रशासन का मानना है कि पुलिस और एनफोर्समेंट ब्रांच की छापेमारी से कुछ दिनों के लिए कीमतों में कमी आती है, लेकिन निगरानी कम होते ही बाजार फिर पुराने स्तर पर पहुंच जाता है। इसी वजह से स्थायी व्यवस्था के तौर पर सुफल बांग्ला के स्टाल बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
महंगाई के पीछे तीन प्रमुख कारण चिह्नित
प्रशासन ने महंगाई के पीछे तीन प्रमुख कारण चिह्नित किए हैं। पहला, दूसरे राज्यों पर निर्भरता। बंगाल में सरसों और सरसों के तेल की बड़ी मात्रा राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से आती है।
वहीं, चीनी की आपूर्ति महाराष्ट्र, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश से होती है। इन राज्यों में थोक कीमतें बढ़ने का असर बंगाल के बाजारों पर भी पड़ा है।
मुख्यमंत्री ने कृषि सचिव को संबंधित राज्यों के प्रशासन से सीधे बात कर कारोबारियों के दावों की जांच करने का निर्देश दिया है। दूसरा कारण प्राकृतिक आपदा है।
हाल के निम्न दबाव और चक्रवात 'अकवान' के प्रभाव से हुई लगातार बारिश के कारण दक्षिण बंगाल समेत कई इलाकों में खेत जलमग्न हो गए।
इससे फूलगोभी, पत्तागोभी, बैंगन, परवल, करेला और नए आलू की फसल प्रभावित हुई है। तीसरा कारण बिचौलियों की कथित मनमानी है।
आरोप है कि शीतगृहों में आलू का पर्याप्त भंडार होने के बावजूद बारिश का हवाला देकर कृत्रिम किल्लत पैदा की जा रही है।
खेत से बाजार तक कई स्तरों पर हाथ बदलने के कारण सब्जियों की कीमत में प्रति किलो 20 से 30 रुपये तक का अंतर आ रहा है। सरकार अब निगरानी के साथ-साथ सुफल बांग्ला के विस्तार के जरिए इस समस्या से निपटने की तैयारी में है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।