पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग भर्ती कट-ऑफ जारी, परीक्षा में16 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी हुए थे शामिल
बंगाल केंद्रीय स्कूल सेवा आयोग ने ग्रुप C और ग्रुप D गैर-शिक्षण कर्मचारियों की भर्ती के कट-ऑफ अंक और परिणाम जारी किए हैं।

डब्लूबीएसएससी ने जारी किए नतीजे। (फाइल फोटो।)
HighLights
WBSSC ने ग्रुप C और D भर्ती के कट-ऑफ जारी किए।
16 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे।
16,954 उम्मीदवार अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। बंगाल केंद्रीय स्कूल सेवा आयोग (डब्लूबीएसएससी) ने राज्य के सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में गैर-शिक्षण कर्मचारियों (नॉन-टीचिंग स्टाफ) की भर्ती के तहत ग्रुप C (क्लर्क) और ग्रुप D पदों के कट-ऑफ अंक और परिणाम जारी कर दिए हैं।
प्रथम राज्य स्तरीय चयन परीक्षा के माध्यम से कुल 8,477 रिक्तियों को भरने के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में 16 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
क्षेत्रीय और श्रेणीवार न्यूनतम कट-ऑफ अंक जारी
आयोग ने सभी पांच क्षेत्रों के लिए श्रेणीवार और लिंगवार न्यूनतम अर्हता अंक प्रकाशित किए हैं। सामान्य वर्ग के लिए ग्रुप C (क्लर्क) का कट-ऑफ पुरुष व संयुक्त श्रेणी में 68 अंक और महिला वर्ग में 67 अंक तय किया गया है। वहीं, ग्रुप D के लिए अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य वर्ग का कट-ऑफ पुरुषों के लिए 40 और महिलाओं के लिए 39 अंक रखा गया है, जबकि दक्षिणी क्षेत्र में यह क्रमशः 39 और 38 अंक है।
अब अगले चरण में होगा साक्षात्कार सत्यापन
कुल 8,477 पदों के विरुद्ध 1:2 के अनुपात में 16,954 अभ्यर्थियों को प्रारंभिक साक्षात्कार सूची में शॉर्टलिस्ट किया गया है। यह अंतिम चयन सूची नहीं है; चयनित उम्मीदवारों को अगले चरण में दस्तावेज सत्यापन, टाइपिंग टेस्ट (केवल क्लर्क पद के लिए) और मौखिक साक्षात्कार से गुजरना होगा। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट westbengalssc.com पर जाकर अपने रोल नंबर और स्कोरकार्ड की जांच कर सकते हैं।