बंगाल में पैरा-शिक्षकों के मानदेय पर सख्ती, अब वेतन पाने के लिए देना होगा नियमित उपस्थिति और कामकाज का प्रमाण
बंगाल समग्र शिक्षा मिशन ने पैरा-शिक्षकों के मासिक मानदेय के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब शिक्षकों को वेतन पाने से पहले नियमित उपस्थिति और कर्तव्यों के पालन का प्रमाण देना होगा।
-1795886919003_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
मानदेय के लिए अब नियमित उपस्थिति और कर्तव्य पालन अनिवार्य।
प्रधानाध्यापक की पुष्टि के बाद ही मानदेय को मिलेगी मंजूरी।
अनुपस्थित शिक्षकों के गलत भुगतान रोकने हेतु कड़े निर्देश।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। बंगाल समग्र शिक्षा मिशन ने राज्य के पैरा-शिक्षकों के मासिक मानदेय को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को भेजे गए इस निर्देश के अनुसार, अब पैरा-शिक्षकों को वेतन पाने से पहले अपने कर्तव्यों के पालन और नियमित उपस्थिति का प्रमाण देना होगा।
प्रधानाध्यापक को देना होगा रिपोर्ट
नई अधिसूचना के मुताबिक, मासिक मानदेय का दावा जमा करने से पहले स्कूल के प्रधानाध्यापक को यह पुष्टि करनी होगी कि शिक्षक नियमित स्कूल आ रहे हैं। इसके अलावा, छात्रों का हाल जानने के लिए उनके घर जाना, पढ़ाई में कमजोर बच्चों को अतिरिक्त कक्षाएं देना, शिक्षण-अधिगम सामग्री तैयार करना और अन्य सभी सौंपे गए कार्यों के निष्पादन का सत्यापन भी अनिवार्य होगा।
संतोषजनक रिपोर्ट के बाद ही मिलेगा मानदेय
प्रधानाध्यापक की संतोषजनक रिपोर्ट के बाद ही संबंधित क्षेत्र के स्कूल सब-इंस्पेक्टर मानदेय को मंजूरी देंगे। इस कदम का मुख्य उद्देश्य बिना सूचना के तय छुट्टियों से अधिक समय तक अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों को होने वाले गलत भुगतान को रोकना है।
साथ ही, स्कूल सब-इंस्पेक्टरों को अपने क्षेत्र के सभी पैरा-शिक्षकों की सूची और उनकी छुट्टियों का विस्तृत रिकार्ड रखने का भी आदेश दिया गया है, ताकि उनकी अनुपस्थिति पर सख्त निगरानी रखी जा सके।