बंगाल वोटर लिस्ट विवाद: कोलकाता के साथ 6 अन्य नगर निगमों की अपीलों पर जल्द सुनवाई की मांग, विचार को तैयार सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़ी मतदाताओं की अपीलों पर सुनवाई का दायरा कोलकाता के अलावा छह और नगर निगमों तक बढ़ाने पर सहमत हो गया है।

HighLights
सुप्रीम कोर्ट बंगाल में मतदाता अपीलों पर सुनवाई का दायरा बढ़ाएगा।
कोलकाता के अलावा छह अन्य नगर निगमों को भी शामिल किया जाएगा।
कुल लगभग दो लाख लंबित अपीलों पर विचार किया जाना है।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने उन दलीलों पर विचार करने पर सहमति जताई, जिनमें बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़ी मतदाताओं की अपीलों पर अपीलीय न्यायाधिकरणों में प्राथमिकता से सुनवाई का दायरा कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के अलावा चुनाव वाले छह और नगर निगमों तक बढ़ाने की मांग की गई है।
23 नवंबर को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जायमाल्य बागची और वी. मोहना की पीठ ने शुक्रवार को निर्वाचन आयोग को बंगाल में मतदाता सूची के एसआईआर से जुड़ी अपीलों की सुनवाई के लिए अपीलीय न्यायाधिकरणों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया था। पीठ ने यह निर्देश कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से परामर्श के बाद दिया था।
अदालत ने न्यायाधिकरणों को मतदाताओं के नाम हटाने के खिलाफ अपीलों को प्राथमिकता देने का आदेश दिया था, खासकर उन विधानसभा क्षेत्रों में जहां नगर निकायों के चुनाव होने हैं। सुनवाई में कुछ याचिकाकर्ताओं की ओर से वकील प्रशांत भूषण और वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायणन पेश हुए।
भूषण ने कहा कि 23 नवंबर के आदेश में केवल कोलकाता नगर निगम (केएमसी) का जिक्र है, जबकि छह अन्य नगर निगमों में भी ऐसी ही स्थिति है। उन्होंने आदेश में मामूली बदलाव की मांग की, ताकि इसमें 'कोलकाता नगर निगम और ऐसे अन्य नगर निगम शामिल हों जहां चुनाव होने हैं'—यानी कुल सात नगर निगम।
जस्टिस बागची ने दलीलों पर विचार करने पर सहमति जताई, लेकिन कहा कि अत्यावश्यक मामलों की संख्या बढ़ने से यह कवायद अवास्तविक हो सकती है। उन्होंने कहा,'न्यायाधिकरणों के लिए यह मुश्किल काम है।' उन्होंने कहा, 'हम आपकी चिंता समझते हैं। आपने आवेदन दिया है, हम इस पर विचार करेंगे।'
लंबित मामलों के बारे में पूछे जाने पर भूषण ने बताया कि कोलकाता में करीब 1.30 लाख और बाकी छह नगर निगमों में कुल मिलाकर करीब 75,000 अपीलें लंबित हैं। इस तरह कुल संख्या करीब दो लाख है।
शंकरनारायणन ने पीठ को बताया कि पुलिस को उन अपीलकर्ताओं के घर जाने का काम सौंपा गया है, जिनके मामले लंबित हैं, और उनसे दस्तावेज पेश करने को कहा जा रहा है। वरिष्ठ वकील ने कहा कि उन्हें यह कवायद 29 नवंबर तक पूरी करने को कहा गया है। उन्होंने पुलिस की एक जांच-सूची भी पीठ को सौंपी। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि पहली चिंता यह सुनिश्चित करना है कि अपीलों पर फैसला हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।