बंगाल: पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 17 IPS अधिकारियों समेत 23 अफसरों के तबादले
बंगाल सरकार ने दुर्गा पूजा और आगामी निकाय चुनावों से पहले पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया है। इसमें कुल 23 अधिकारियों का तबादला किया गया है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दुर्गा पूजा और आगामी नगर निकाय चुनाव से पहले बंगाल सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और पश्चिम बंगाल पुलिस सेवा (डब्ल्यूबीपीएस) के कुल 23 अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इसमें 17 आईपीएस और छह डब्ल्यूबीपीएस अधिकारी शामिल हैं, जिन्हें इधर से उधर किया गया है।
राज्य के गृह एवं पर्वतीय मामलों के विभाग द्वारा शुक्रवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई, जिसे शनिवार को सार्वजनिक किया गया।
इसमें कोलकाता पुलिस के साथ राज्य की खुफिया शाखा (आईबी), विशेष कार्य बल (एसटीएफ), सीआईडी तथा विभिन्न पुलिस कमिश्नरेट में तैनात कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं, जिनका तबादला किया गया है। राज्य सरकार ने इन तबादलों को जनसेवा के हित में किया गया प्रशासनिक कदम बताया है।
एसटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुधीर कुमार नीलकंठम को कोलकाता पुलिस का अतिरिक्त आयुक्त नियुक्त किया गया है। वह वरिष्ठ आइपीएस देवेंद्र प्रकाश सिंह (डीपी सिंह) की जगह लेंगे। वहीं, कोलकाता पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त डीपी सिंह को उत्तर बंगाल में खुफिया शाखा (आईबी) का आइजी बनाया गया है।

खुफिया शाखा के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) भोलानाथ पांडेय को कोलकाता पुलिस का संयुक्त आयुक्त (ट्रैफिक) नियुक्त किया गया है। वह सूर्य प्रताप यादव की जगह लेंगे। यादव को राज्य खुफिया शाखा में डीआईजी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीआईजी सुखेंदु हीरा को भी कोलकाता पुलिस में संयुक्त आयुक्त (सुरक्षा) बनाया गया है।
पश्चिम बंगाल पुलिस हाउसिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड में डीआईजी के पद पर तैनात देबर्षि दत्ता को विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट का संयुक्त पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है।
सीआईडी, साइबर और जासूसी विभाग में भी फेरबदल
कोलकाता पुलिस की जासूसी और साइबर शाखा में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। आईपीएस धृतिमान सरकार को सीआइडी मालदा का पुलिस अधीक्षक (एसपी) बनाया गया है, जबकि आरिश बिलाल को बंगाल सीआईडी में एसपी पद पर नियुक्त किया गया है।
सैप फर्स्ट बटालियन के कमांडिंग आफिसर (सीओ) सौम्यदीप भट्टाचार्य को कोलकाता पुलिस में साइबर-द्वितीय का पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) नियुक्त किया गया है। कोलकाता पुलिस की प्रवर्तन शाखा के डीसीपी स्पर्श नीलांगी को जासूसी विभाग में डीसीपी बनाया गया है।
काजी शमसुद्दीन अहमद को विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के जासूसी विभाग का डीसीपी और कुंतल बनर्जी को बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी नियुक्त किया गया है।
अधिसूचना के अनुसार सभी तबादला आदेश संबंधित अधिकारियों के नए पदों का कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होंगे।
यह भी पढ़ें- बंगाल: पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल में पहली बार GeM कार्यशाला का आयोजन, 250 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी हुए शामिल
यह भी पढ़ें- बंगाल: हुगली में TMC नेता कुणाल घोष की कार पर हमला, फेंके गए अंडे और पत्थर
