बंगाल: हुगली में TMC नेता कुणाल घोष की कार पर हमला, फेंके गए अंडे और पत्थर
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में तृणमूल विधायक कुणाल घोष की कार पर अंडे और पत्थर फेंके गए, जिससे पिछला ...और पढ़ें
HighLights
तृणमूल विधायक कुणाल घोष की कार पर अंडे-पत्थर फेंके गए।
हुगली के उत्तरपाड़ा में हुआ हमला, कार का पिछला शीशा टूटा।
घटना पर तृणमूल-भाजपा ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में तृणमूल नेताओं के खिलाफ अंडे फेंककर विरोध जताने की घटनाओं के बीच शनिवार को हुगली जिले के उत्तरपाड़ा में ममता बनर्जी गुट के विधायक कुणाल घोष की कार पर अंडे और पत्थर फेंके गए।
हमले में उनकी कार का पिछला शीशा टूट गया। घटना उस समय हुई जब कुणाल घोष हुगली के श्रीरामपुर में पार्टी प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सभा में शामिल होने जा रहे थे। घटना के बाद उन्हें रास्ते से ही कोलकाता लौटना पड़ा।
कार घेरकर लगाए 'कुणाल घोष गो बैक' के नारे
घटना के सामने आए वीडियो में प्रदर्शनकारियों की भीड़ कुणाल की कार को घेरते और उस पर अंडे-पत्थर फेंकते दिखाई दे रही है। प्रदर्शनकारी 'कुणाल घोष गो बैक' के नारे भी लगा रहे थे। हमले में कार का पिछला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद कुणाल घोष ने इसे 'जंगलराज' बताते हुए आरोप लगाया कि उनकी कार पर अंडे और पत्थर फेंकने के साथ सड़क भी अवरुद्ध की गई। उन्होंने दावा किया कि घटनास्थल पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था।
कुणाल ने कहा कि वह कोलकाता लौटकर लालबाजार अथवा भवानी भवन जाकर शिकायत दर्ज कराएंगे।
घटना को लेकर तृणमूल-भाजपा आमने-सामने
घटना को लेकर तृणमूल और भाजपा ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। तृणमूल नेताओं ने इसके पीछे भाजपा का हाथ होने का दावा किया है। पूर्व तृणमूल विधायक असित मजूमदार ने इसे भाजपा की ओर से किया गया 'सुनियोजित हमला' बताया और कहा कि यह आम लोगों का विरोध नहीं था।
वहीं, उत्तरपाड़ा से भाजपा विधायक दीपांजन चक्रवर्ती ने इसे जनता की 'स्वतःस्फूर्त प्रतिक्रिया' करार दिया। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनकी सभा में लोगों को पहुंचने से रोकने की कोशिश की जा रही है।
दूसरी ओर भाजपा पहले भी तृणमूल नेताओं पर अंडे फेंकने की घटनाओं को जनता के आक्रोश की अभिव्यक्ति बताती रही है।
मालूम हो कि विधानसभा चुनाव में तृणमूल की हार के बाद पार्टी नेताओं को निशाना बनाकर अंडे फेंकने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसी महीने नदिया जिले में तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा को भी विरोध के दौरान अंडे फेंके जाने की घटना का सामना करना पड़ा था।
