विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में मंत्री ही करा रहे सरकार की फजीहत, अब पार्टी सख्त कार्रवाई का बना रही मन

Published: Fri, 27 Nov 2026 03:42 PM (IST)

बंगाल में भाजपा सरकार अपने मंत्रियों की विवादित बयानबाजी से परेशान है, जिससे सरकार और पार्टी दोनों की किरकिरी हो रही है। 

मंत्रियों और नेताओं की बयानबाजी पर लगाम लगाने की कोशिश में जुटी पार्टी। (फाइल फोटो)

मंत्रियों और नेताओं की बयानबाजी पर लगाम लगाने की कोशिश में जुटी पार्टी। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. बंगाल में मंत्रियों के विवादित बयान सरकार को असहज कर रहे।

  2. मुख्यमंत्री की चेतावनी के बावजूद बयानबाजी पर नहीं लग रही लगाम।

  3. भाजपा अब मंत्रियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई पर विचार कर रही।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता संभालने के बाद भाजपा सरकार के सामने अब अपने ही मंत्रियों और नेताओं की बयानबाजी पर लगाम लगाने की चुनौती खड़ी हो गई है। सरकार और संगठन की ओर से बार-बार अनुशासन का पाठ पढ़ाए जाने तथा सरकारी पक्ष रखने के लिए तीन मंत्रियों को अधिकृत किए जाने के बावजूद विवादित बयान थम नहीं रहे हैं।

इससे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सरकार और प्रदेश भाजपा दोनों की किरकिरी हो रही है। पार्टी के भीतर अब कुछ मंत्रियों और नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के विकल्प पर विचार चल रहा है।

मंत्रियों के बयान से असहज हो रही सरकार

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल की मौजूदगी में हुई बैठक में तय किया गया था कि मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और सरकार की ओर से अधिकृत तीन प्रवक्ताओं के अलावा कोई भी नेता सरकारी कामकाज या पार्टी के मामलों पर सार्वजनिक बयान नहीं देगा। इसके बावजूद मंत्रियों की ओर से लगातार ऐसे बयान सामने आ रहे हैं, जो सरकार के लिए असहज स्थिति पैदा कर रहे हैं। हाल में मुख्यमंत्री ने भी मंत्रियों को मीडिया के सामने सरकारी और प्रशासनिक कामकाज पर टिप्पणी नहीं करने की हिदायत दी थी। सरकार का पक्ष रखने के लिए तापस राय, दीपक वर्मन और उमेश राय को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके बावजूद अनुशासन संबंधी निर्देशों का अपेक्षित असर नहीं दिख रहा है।

नहीं थम रही मंत्रियों की बयानबाजी

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष के कई बयान विवादों में रहे हैं। उन्होंने मुठभेड़ को लेकर पांच की जगह 500 मुठभेड़ होने पर भी अपराधियों के खत्म नहीं होने जैसी टिप्पणी की। वहीं, बंगाल को उत्तर प्रदेश और गुजरात बनाने की बात कहकर भी राजनीतिक विवाद खड़ा किया।

उन्होंने असुविधा होने पर लोगों को बिना वीजा बांग्लादेश भेजने की चेतावनी भी दी। परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह का यह बयान कि बांग्लादेश को अपने कब्जे में ले लेंगे, सीमा पार तक चर्चा का विषय बन गया। दूसरी ओर, स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखोपाध्याय ने ऋतब्रत गुट को भाजपा की बी-टीम बताकर राजनीतिक विवाद को हवा दी। उन्होंने दावा किया कि यह गुट मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से चल रहा है।

विवादित बयानों से विपक्ष को मिल रहा मौका

इन बयानों से विपक्ष को सरकार पर हमला करने का मौका मिल रहा है। भाजपा के भीतर भी इस बात को लेकर चिंता है कि मंत्रियों की व्यक्तिगत टिप्पणियां सरकार की आधिकारिक नीतियों और संगठन के अनुशासन पर सवाल खड़े कर रही हैं। ऐसे में अब केवल नसीहत देने के बजाय कुछ नेताओं और मंत्रियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना पर विचार किया जा रहा है।

सरकारी और निजी अस्पताल को मिलकर करना होगा काम, दुर्गापुर में सीएम ने रखी 500 बेड के अस्पताल की नींव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।