सरकारी और निजी अस्पताल को मिलकर करना होगा काम, दुर्गापुर में सीएम ने रखी 500 बेड के अस्पताल की नींव
दुर्गापुर के अंडाल विमान नगरी में 500 बेड के कैंसर सह सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का शिलान्यास हुआ, जिसमें एयर एंबुलेंस और हेलीपैड की सुविधा होगी।

कार्यक्रम में दीप जलाते हुए मुख्यमंत्री की तस्वीर (फोटो- जागरण)।
HighLights
अंडाल में 500 बेड के कैंसर अस्पताल का शिलान्यास हुआ।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं में निजी सहयोग पर जोर दिया।
अस्पताल में एयर एंबुलेंस और हेलीपैड की सुविधा होगी।
जागरण संवाददाता, दुर्गापुर। पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अंडाल विमान नगरी में मिशन अस्पताल के 500 बेड वाले कैंसर सह सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अस्पताल की आधारशिला रखी। 20 एकड़ जमीन पर बनने वाले इस अस्पताल में कैंसर उपचार के साथ विभिन्न सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। एयरपोर्ट के निकट होने के कारण यहां एयर एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराने की योजना है। अस्पताल परिसर में हेलीपैड भी बनाया जाएगा, जिससे गंभीर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
कई लोग हुए सम्मानित
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी, शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल, उद्योग मंत्री तापस राय, ज्योतिर्मय महतो, मौमिता विश्वास मिश्रा, राज्य मंत्री सुमना सरकार, डॉ. सत्यजीत राय, तरुण भट्टाचार्य, स्वास्थ्य सचिव नारायण स्वरूप निगम, विधायक जितेंद्र तिवारी, पार्थो घोष, लक्ष्मण चंद्र घोरुई, चंद्रशेखर बनर्जी, कृष्णेंदु मुखर्जी, सिद्धार्थ बनर्जी, सुमित चटर्जी, देवतनु भट्टाचार्य और सांसद सौमित्र खां समेत अन्य उपस्थित थे। कार्यक्रम में अस्पताल प्रबंधन की ओर से अतिथियों को सम्मानित भी किया गया।
सेवा भावना भी जरूरी
इस अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि व्यापार और वाणिज्य के साथ सेवा भावना भी जरूरी है। स्वामी विवेकानंद का संदेश था कि मनुष्य जीवन का उद्देश्य मानव में देवत्व को उजागर करना है। मिशन इसी सेवा भावना के साथ काम कर रहा है। अस्पताल में विदेशों से भी मरीज इलाज के लिए आते हैं, जो गर्व की बात है।
बुनियादी ढांचे की मजबूती पर जोर
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करना होगा। केवल निजी अस्पतालों तक ही नहीं, बल्कि मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और विस्तार पर भी ध्यान देना जरूरी है। जिले में मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव भी सामने आया है। सरकारी और निजी क्षेत्र को मिलकर ऐसी चिकित्सा व्यवस्था विकसित करनी होगी, जिससे लोगों को दूसरे राज्यों में इलाज के लिए जाने की जरूरत कम पड़े।
बेहतर होंगे चिकित्सा सुविधा
मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत और राज्य की स्वास्थ्य बीमा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब साढ़े आठ करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के दायरे में लाने का लक्ष्य है। इनमें लगभग छह करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत और दो करोड़ लोगों को राज्य की मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से सुविधा देने की योजना है।
कोलकाता, न्यू टाउन, आसनसोल और दुर्गापुर जैसे क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाकर दूसरे राज्यों के अस्पतालों के स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। पहले करीब 1,700 अस्पताल स्वास्थ्य योजनाओं के तहत सुविधा देते थे, अब इस संख्या को बढ़ाकर लगभग 38 हजार अस्पतालों तक पहुंचाने की बात कही गई।
जन औषधि केंद्र स्थापित करने की योजना
उन्होंने सस्ती दवाओं की उपलब्धता पर जोर देते हुए कहा कि राज्य में 467 जन औषधि केंद्र स्थापित करने की योजना है। इसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और मार्च तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कैंसर और गंभीर बीमारी से ग्रस्त मरीजों के लिए 100 अमृत डिस्पेंसरी केंद्र भी शुरू किए जाएंगे।
अस्पतालों में मरीजों के भोजन की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहले मरीजों के भोजन के लिए 56.40 रुपये दिए जाते थे। वर्ष 2017 में आखिरी बार राशि बढ़ाई गई थी। अब इसे बढ़ाकर 110 रुपये किया गया है। इसके साथ ही सभी अस्पतालों में कैथ लैब स्थापित करने और आईसीयू एम्बुलेंस की सुविधा बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है।
सीएम ने निजी सहयोग पर दिया जोर
उन्होंने कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक बदलाव संभव नहीं है। निजी अस्पतालों को भी आगे आकर सहयोग करना होगा। बंगाल से बड़ी संख्या में मरीज सीएमसी, मुंबई और देवघर एम्स जैसे अस्पतालों में इलाज कराने जाते हैं। राज्य में ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराकर इस प्रवृत्ति को कम करना होगा। अडानी समूह की ओर से भी अस्पताल परियोजना विकसित की जा रही है, जिसमें 1,000 बेड वाणिज्यिक व्यवस्था के तहत और 1,000 बेड गरीब मरीजों के लिए उपलब्ध कराने की योजना है।
प्रदूषण की समस्या पर भी जताई चिंता
मुख्यमंत्री ने पश्चिम बर्द्धमान जिले में प्रदूषण की समस्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रदूषण से प्रभावित इस जिले में पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने होंगे और स्टील उद्योगों को आधुनिक मशीनों तथा तकनीक का इस्तेमाल करना होगा। अंत में उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से अस्पताल को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का आग्रह करते हुए 31 दिसंबर 2028 तक अस्पताल का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखने की अपील की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।