विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में लैंड यूज बदलना होगा आसान, अब 60 दिन में देनी होगी जानकारी; भूमि सुधार संशोधन बिल की तैयारी

By Jagran NewsEdited By: Kushagra Mishra
Published: Wed, 25 Nov 2026 09:34 PM (IST)

बंगाल में जमीन के इस्तेमाल के तरीके बदलने की प्रक्रिया को आसान बनाने की तैयारी है। अब कृषि भूमि पर घर या उद्योग लगाने के लिए पहले अनुमति की बाध्यता खत्म होगी, बाद में सूचना देनी होगी।

बंगाल में लैंड यूज चेंज करना होगा आसान। फोटो: एआई जनरेटेड

बंगाल में लैंड यूज चेंज करना होगा आसान। फोटो: एआई जनरेटेड

HighLights

  1. पश्चिम बंगाल भूमि सुधार कानून 1955 में संशोधन प्रस्तावित है।

  2. कृषि भूमि पर घर या उद्योग लगाने की प्रक्रिया सरल होगी।

  3. उपयोग बदलने के 60 दिनों के भीतर बीएलआरओ को सूचना दें।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में जमीन के इस्तेमाल का तरीका बदलने की प्रक्रिया आसान बनाने की तैयारी है। प्रस्तावित संशोधन के तहत कृषि भूमि पर घर बनाने, उद्योग लगाने या जमीन की श्रेणी बदलने के लिए पहले से सरकारी अनुमति लेने की बाध्यता खत्म हो सकती है।

इसके बजाय जमीन का उपयोग बदलने के बाद तय समयसीमा में संबंधित भूमि एवं भूमि सुधार अधिकारी (बीएलआरओ) को सूचना देनी होगी।

इस संबंध में 1955 के पश्चिम बंगाल भूमि सुधार कानून में संशोधन के लिए विधेयक विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र में पेश किए जाने की तैयारी है। शीतकालीन सत्र चार दिसंबर से शुरू होना प्रस्तावित है।

60 दिनों के भीतर देनी होगी सूचना

प्रस्ताव के अनुसार, प्रस्तावित नियम में जमीन का उपयोग बदलने के 60 दिनों के भीतर निर्धारित शुल्क जमा कर संबंधित बीएलआरओ के पास तय प्रारूप में आवेदन करना होगा।

आवेदन के आधार पर सरकारी भूमि रिकॉर्ड में जमीन की श्रेणी और उपयोग संबंधी जानकारी संशोधित की जाएगी। आवेदन मिलने के 30 दिनों के भीतर रिकॉर्ड में जरूरी बदलाव करने का प्रस्ताव है। तय समय में सूचना नहीं देने पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का भी प्रावधान प्रस्तावित है।

जमीन के आकार के अनुसार अलग-अलग स्तर पर अनुमति

मौजूदा व्यवस्था के तहत जमीन की श्रेणी बदलने के लिए पहले अनुमति लेना जरूरी है। 10 डिसिमल तक की जमीन के लिए ब्लाक भूमि एवं भूमि सुधार अधिकारी, 11 से 100 डिसिमल तक के लिए अनुमंडल स्तर के अधिकारी और एक एकड़ से अधिक जमीन के लिए अतिरिक्त जिलाधिकारी (भूमि एवं भूमि सुधार) अनुमति देते हैं।

इस प्रक्रिया में समय लगने की शिकायतें रही हैं। प्रस्तावित बदलाव से जमीन मालिकों को प्रशासनिक प्रक्रिया में राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, विधेयक अभी प्रस्तावित है।

यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल निवेश नीति 2026: एमएसएमई को मिलेगा नया अवसर, खुलेगा विकास का द्वार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।