विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिम बंगाल चुनाव: गौरवशाली अतीत से भविष्य की चुनौती तक... उद्योग और निवेश की राह कैसे होगी आसान?

By Indrajit SinghEdited By: Naveen Kumar
Published: Mon, 16 Mar 2026 08:01 PM (IST)

पश्चिम बंगाल में औद्योगिक परिदृश्य बदहाल है, जहां दशकों में हजारों कारखाने बंद हुए और लाखों लोग बेरोजगार हुए। राज्य का सकल घरेलू उत्पाद में योगदान भी काफी गिरा है।

पश्चिम बंगाल में उद्योग और निवेश की राह कैसे होगी आसान?(फोटो: एएनआई)

पश्चिम बंगाल में उद्योग और निवेश की राह कैसे होगी आसान?(फोटो: एएनआई)

HighLights

  1. दशकों में 65 हजार कारखाने बंद, लाखों बेरोजगार हुए

  2. GDP में हिस्सेदारी 27% से घटकर अब 3.5% रह गई

  3. निवेश हेतु सकारात्मक व्यापारिक संस्कृति की आवश्यकता है

इंद्रजीत सिंह, कोलकाता। बंगाल में विधानसभा चुनाव की दुंदुभी बज चुकी है। सभी सियासी पार्टियां जोरआजमाइश को तैयार हैं। लेकिन इन सब के बीच राज्यवासियों के मन में यहां का बदहाल औद्योगिक परिदृश्य गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। एक समय देश के सबसे बड़े औद्योगिक केंद्र में गिने जाने वाले बंगाल के सामने आज सबसे बड़ी चुनौती उद्योग और निवेश को तेज गति देना है।

बंगाल की आर्थिक प्रगति के लिए उद्योग और निवेश का विस्तार केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि एक अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। यही वह क्षेत्र है जो राज्य के विकास, रोजगार और आर्थिक स्थिरता की दिशा तय करेगा।

औद्योगिक विकास में पिछड़ा बंगाल

पिछले चार दशक में औद्योगिक विकास के मामले में बंगाल लगातार पिछड़ता चला गया है। इस दौरान लगभग 65 हजार कल-कारखाने बंद हुए, जिनमें काम करने वाले करीब सात लाख कर्मचारी बेरोजगार हो गए। इस दौरान बंगाल लैंप, सुलेखा वर्क्स, मोहनी मिल्स, बसंती काटन मिल्स, डनलप टायर फैक्ट्री, डनबर काटन मिल्स जैसे कई बड़े कारखाने बंद हो गए।

2011 से 2025 के बीच लगभग 7000 कंपनियों ने बंगाल छोड़ दिया है। आजादी के वक्त देश के सकल घरेलू उत्पाद में बंगाल की हिस्सेदारी 27 प्रतिशत थी, जो अब घटकर 3.5 प्रतिशत रह गई है।

उग्र श्रमिक आंदोलन से बिगड़े हालात

विश्लेषकों के अनुसार बंगाल में उद्योगों की धीमी रफ्तार के पीछे कई कारण रहे हैं। 34 वर्षों के वाममोर्चा के शासनकाल में उग्र श्रमिक आंदोलन, नीतियों में खामी और औद्योगिक अस्थिरता ने निवेशकों के मन में असुरक्षा की भावना पैदा की। इस दौरान राज्य में एक के बाद कल-कारखाने बंद होते चले गए।

कई बड़ी कंपनियों ने राज्य से अपने संयंत्र अन्य राज्यों में स्थानांतरित कर दिए। वर्ष 2011 में सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उद्योगपतियों व निवेशकों के साथ बैठकें, सम्मेलन कर उनसे राज्य में निवेश की अपील की, लेकिन उन्हें अभी तक आशानुरूप सफलता नहीं मिली है।

सबसे बड़ी चुनौती औद्योगिक विविधीकरण की

कनफेडरेशन ऑफ वेस्ट बंगाल ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील पोद्दार का कहना है कि आज बंगाल के सामने सबसे बड़ी चुनौती औद्योगिक विविधीकरण की है। राज्य अभी भी पारंपरिक उद्योगों जैसे जूट, चाय और इस्पात पर अत्यधिक निर्भर है। जूट उद्योग, जो कभी लाखों लोगों को रोजगार देता था, आज आधुनिक तकनीक की कमी और सिंथेटिक विकल्पों के कारण संघर्ष कर रहा है।

इसके अलावा, राज्य में बड़े उद्योगों के लिए बड़े भूखंडों की अनुपलब्धता एक बड़ी बाधा बनी हुई है। सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में राज्य ने अच्छी प्रगति की है, लेकिन बेंगलुरु, हैदराबाद या पुणे की तुलना में यहां विकास की गति धीमी रही है।

संभावनाओं की किरण

इतनी चुनौतियों के बावजूद, बंगाल की भौगोलिक स्थिति इसे एक रणनीतिक बढ़त देती है। यह उत्तर-पूर्वी राज्यों और दक्षिण-पूर्वी एशिया के लिए भारत का प्रवेश द्वार है। बंगाल सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में से एक है। चमड़ा उद्योग, हौजरी और हस्तशिल्प में राज्य का प्रदर्शन सराहनीय है।

कोलकाता और हल्दिया बंदरगाहों का आधुनिकीकरण और नए औद्योगिक गलियारे भविष्य में व्यापार को गति दे सकते हैं। बंगाल में मेधावी मानव संसाधन की कोई कमी नहीं है।

सकारात्मक व्यापारिक संस्कृति की आवश्यकता

जानकारों का कहना है कि उद्योगों को पटरी पर लाने के लिए नीतियों में सुधार के साथ सबसे अहम दृढ़ राजनीतिक इच्छा शक्ति जरूरी है। बंगाल के औद्योगिक पुनरुद्धार के लिए केवल सरकारी प्रयासों की ही नहीं, बल्कि एक सकारात्मक व्यापारिक संस्कृति की आवश्यकता है।

निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए भूमि बैंक का प्रभावी प्रबंधन और एकल खिडक़ी निकासी प्रणाली को भी और मजबूत करना होगा।

यह भी पढ़ें- बंगाल में 30 और WBCS अधिकारियों का तबादला, किसे मिली कौन-सी जिम्मेदारी? पूरी लिस्ट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।