बंगाल सरकार ने संविदा कर्मियों के लिए खोला खजाना, 8 हजार रुपये तक बढ़ा वेतन; 2027 से हर साल 3 फीसदी होगी बढ़ोतरी
बंगाल सरकार ने वीबी-जी राम जी योजना के तहत संविदा कर्मियों के मासिक पारिश्रमिक में 6,000 से 8,000 रुपये तक की वृद्धि की है।

बंगाल सरकार ने वीबी-जी राम जी योजना के तहत संविदा कर्मियों के वेतन बढ़ोतरी को मंजूरी दी। (फोटो- पीटीआई)
HighLights
संविदा कर्मियों के वेतन में 6,000 से 8,000 रुपये की बढ़ोतरी।
1 जुलाई 2027 से हर साल 3% वेतन वृद्धि होगी।
60 वर्ष तक नौकरी की सुरक्षा और कई नई छुट्टियां।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल सरकार ने विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-जी राम जी योजना के तहत कार्यरत संविदा कर्मियों को बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने उनके मासिक पारिश्रमिक में छह हजार से आठ हजार रुपये तक की वृद्धि करने के साथ नौकरी की सुरक्षा और छुट्टियों से जुड़ी नई सुविधाओं की घोषणा की है।
ये फैसले एक नवंबर 2026 से प्रभावी किए गए हैं। इस संबंध में राज्य सरकार ने अधिसूचना जारी की है। नवान्न की ओर से सभी पात्र कर्मियों तक इन सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जिलाधिकारियों को निर्देश भी दिया गया है।
अनुभव और मौजूदा वेतन के आधार पर बढ़ोतरी
सरकारी अधिसूचना के अनुसार, जिन संविदा कर्मियों का मौजूदा मासिक पारिश्रमिक 25 हजार रुपये तक है, उन्हें 10 साल से कम के कार्यानुभव पर छह हजार रुपये और 10 साल से अधिक के अनुभव पर सात हजार रुपये की मासिक वृद्धि मिलेगी।
वहीं, 25 हजार से 45 हजार रुपये तक मासिक पारिश्रमिक पाने वाले कर्मियों को 10 साल से कम के अनुभव पर सात हजार और 10 साल से अधिक के अनुभव पर आठ हजार रुपये की बढ़ोतरी मिलेगी। इसके अलावा, सरकार ने नियमित वार्षिक वृद्धि का भी प्रविधान किया है। एक जुलाई 2027 से हर साल एक जुलाई को मासिक पारिश्रमिक में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी।
60 वर्ष तक नौकरी की सुरक्षा, छुट्टियों का भी लाभ
योजना के तहत कम से कम 10 साल तक काम कर चुके संविदा कर्मियों को 60 वर्ष की उम्र तक नौकरी की सुरक्षा दी गई है। छुट्टियों के मामले में भी नई सुविधाएं घोषित की गई हैं। पात्र कर्मियों को सालाना 30 दिन का अवकाश और 10 दिन की मेडिकल लीव मिलेगी।
महिला कर्मियों को 180 दिन का मातृत्व अवकाश दिया जाएगा। इसके अलावा अन्य परिस्थितियों में 42 दिन के अवकाश का भी प्रविधान किया गया है। हालांकि, संविदा पर कार्यरत जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर इन सुविधाओं के दायरे से बाहर रहेंगे। सरकार का यह फैसला योजना के क्रियान्वयन से जुड़े जमीनी स्तर के संविदा कर्मियों को आर्थिक और सेवा संबंधी राहत देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।