बंगाल सरकार ने अदाणी ग्रुप के साथ किया बड़ा समझौता, 25 साल तक खरीदी जाएगी 2500 मेगावाट बिजली
पश्चिम बंगाल सरकार ने अदाणी समूह की कंपनी पावरपल्स ट्रेडिंग सॉल्यूशंस लिमिटेड के साथ 25 साल के लिए बिजली खरीद समझौता किया है।

बंगाल सरकार ने बिजली आपूर्ति को लेकर अदाणी ग्रुप के साथ किया समझौता (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
अदाणी समूह से 25 साल का बिजली समझौता।
2500 मेगावाट तक नवीकरणीय ऊर्जा की आपूर्ति।
राज्य की बढ़ती बिजली मांग होगी पूरी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद राज्य सरकार ने बिजली आपूर्ति को लेकर अदाणी समूह की कंपनी के साथ बड़ा समझौता किया है।
राज्य की बिजली वितरण कंपनी पश्चिम बंगाल स्टेट इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (डब्ल्यूबीएसईडीसीएल) को अगले 25 वर्षों तक अदाणी समूह की अनुषंगी कंपनी पावरपल्स ट्रेडिंग सॉल्यूशंस लिमिटेड (पीटीएसएल) से नवीकरणीय ऊर्जा आधारित बिजली मिलेगी।
हालांकि, फिलहाल 1750 मेगावाट बिजली की आपूर्ति के लिए लेटर ऑफ अवॉर्ड जारी हुआ है। इसमें अतिरिक्त 750 मेगावाट का विकल्प (ग्रीन शू ऑप्शन) भी शामिल है। इस विकल्प का इस्तेमाल होने पर कुल अनुबंधित क्षमता 2500 मेगावाट हो जाएगी।
अदाणी ग्रुप ने की घोषणा
अदाणी एनर्जी साल्यूशंस लिमिटेड (एईएसएल) ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। पीटीएसएल ने प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया और ई-रिवर्स नीलामी के जरिये यह ठेका हासिल किया है।
यह समझौता चौबीसों घंटे नवीकरणीय ऊर्जा आधारित बिजली आपूर्ति (आरई-आरटीसी) के लिए है। यानी केवल सौर और पवन ऊर्जा उत्पादन ही नहीं, बल्कि बैटरी भंडारण की मदद से जरूरत के मुताबिक लगातार बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी इसमें शामिल है।
30 प्रतिशत नवीकरणीय ऊर्जा की अनिवार्यता पूरी करने में मिलेगी मदद
राज्य के बिजली विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, इस समझौते से डब्ल्यूबीएसईडीसीएल को नवीकरणीय ऊर्जा खपत संबंधी अनिवार्यता (आरसीओ) पूरी करने में मदद मिलेगी। फिलहाल कंपनी के लिए कुल बिजली आपूर्ति में 30 प्रतिशत नवीकरणीय ऊर्जा शामिल करना जरूरी है।
राज्य में बिजली की अधिकतम मांग पहले ही 10 हजार मेगावाट के पार पहुंच चुकी है। ऐसे में यह दीर्घकालिक समझौता बिजली की बढ़ती जरूरत और स्वच्छ ऊर्जा के निर्धारित लक्ष्य, दोनों के लिहाज से अहम है।
इस परियोजना के लिए पीटीएसएल ने लगभग 4.6 गीगावाट सौर एवं पवन ऊर्जा क्षमता और 3.5 गीगावाट-घंटे की बैटरी ऊर्जा भंडारण क्षमता का स्रोतों से जुड़ाव किया है।
बैटरी भंडारण की व्यवस्था से सौर और पवन ऊर्जा की अनियमित उपलब्धता के बावजूद लगातार बिजली आपूर्ति संभव होगी। इस बिजली का इस्तेमाल घरेलू उपभोक्ताओं के अलावा उद्योगों, डेटा सेंटर, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों और बिजली वितरण कंपनियों की जरूरतों के लिए भी किया जा सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।