विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'जनता का विश्वास जीतने के लिए वसूली पर रोक जरूरी', पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री की BJP नेताओं को हिदायत

Published: Sun, 15 Nov 2026 04:11 PM (IST)

वित्त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता ने स्वीकार किया है कि बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद भी वसूली की शिकायतें जारी हैं, जिससे जनता का भरोसा जीतना मुश्किल हो रहा है।

बंगाल के वित्त मंत्री ने वसूली पर रोक लगाने की कही बात (फाइल फोटो/पीटीआई)

बंगाल के वित्त मंत्री ने वसूली पर रोक लगाने की कही बात (फाइल फोटो/पीटीआई)

HighLights

  1. वित्त मंत्री ने स्वीकार किया, बंगाल में वसूली की शिकायतें जारी हैं।

  2. वसूली की प्रवृत्ति से जनता का भरोसा जीतना मुश्किल होगा।

  3. भाजपा नेता ने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर वसूली के आरोप लगाए।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन व भाजपा की सरकार बनने के बाद भी वसूली की शिकायतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब इस मुद्दे पर सत्तारूढ़ भाजपा के भीतर से ही सवाल उठने लगे हैं।

राज्य के वित्त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता ने भी स्वीकार किया है कि राज्य में अब भी वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक राज्य में वसूली की प्रवृत्ति बनी रहेगी, तब तक लोगों का भरोसा जीतना मुश्किल होगा।

दासगुप्ता ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में वसूली की शिकायतों को स्वीकार करते हुए कहा कि वह इन आरोपों से इनकार नहीं करेंगे। उनके मुताबिक, राज्य में जब तक वसूली जारी रहेगी, तब तक जनता का विश्वास बहाल नहीं हो सकेगा।

राज्य के वित्त मंत्री ने इस प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि वसूली मानो लोगों के बीच सामान्य व्यवहार बनती जा रही है। वित्त मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब भाजपा सरकार के सामने सत्ता परिवर्तन के बाद प्रशासनिक व्यवस्था और कार्यसंस्कृति में बदलाव लाने की चुनौती है।

भाजपा नेता ने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर लगाए वसूली के आरोप

दूसरी ओर, हावड़ा के उलूबेड़िया के भाजपा नेता स्वामी मंगलानंद पुरी महाराज ने भी अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं पर वसूली का गंभीर आरोप लगाकर इस मुद्दे को राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

भाजपा नेता ने एक कार्यक्रम में कहा कि भाजपा की सरकार बने अभी कुछ ही महीने हुए हैं, लेकिन वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने पार्टी के संबंधित नेताओं को अपनी कार्यशैली सुधारने की नसीहत देते हुए कहा कि जनता सब कुछ देख रही है। लोगों ने काफी अत्याचार सहने के बाद भाजपा को सत्ता में पहुंचाया है। ऐसे में जनता के भरोसे का दुरुपयोग करना गंभीर अपराध है।

स्वामी मंगलानंद पुरी महाराज ने जिला कार्यालय के संचालन से जुड़े कुछ नेताओं पर निशाना साधते हुए उनकी आय और चुनाव के बाद की आर्थिक स्थिति की जांच की भी मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता घुमावदार रास्ते से काम कर रहे हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि यदि संबंधित नेताओं के चुनाव से पहले और बाद के आयकर रिटर्न तथा बैलेंस शीट की तुलना की जाए तो स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

बताते चलें कि स्वामी मंगलानंद पुरी महाराज 2026 के विधानसभा चुनाव में उलूबेड़िया दक्षिण सीट से तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी पुलक राय के खिलाफ भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उन्हें इलाके में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के करीबी के रूप में जाना जाता है।

हालांकि, भाजपा के हावड़ा ग्रामीण जिला अध्यक्ष देवाशीष सामंत ने उनके आरोपों को तवज्जो नहीं दी। उन्होंने कहा कि स्वामी मंगलानंद पुरी महाराज भाजपा में किसी भी जिम्मेदार पद पर नहीं हैं।

वसूली से दूर रहने की हिदायत

इधर, प्रदेश भाजपा नेतृत्व की ओर से पहले भी नेताओं को वसूली से दूर रहने की हिदायत दी जाती रही है। ऐसे में वित्त मंत्री के बयान और पार्टी के एक नेता की ओर से लगाए गए आरोपों ने भाजपा के भीतर वसूली के मुद्दे पर नई बहस छेड़ दी है।

यह भी पढ़ें- बंगाल: पानीहाटी में विवाद सुलझाने गए भाजपा कार्यकर्ता की हत्या, TMC से BJP में आए समर्थकों पर हमले का आरोप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।