बंगाल चुनाव: अंतिम चरण के लिए आज वोटिंग, भवानीपुर से जादवपुर तक हाई प्रोफाइल सीटों पर सबकी नजर
बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान आज दक्षिण बंगाल के सात जिलों की 142 सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच होगा।
HighLights
दक्षिण बंगाल के 7 जिलों में अंतिम चरण का मतदान।
अभूतपूर्व सुरक्षा में 2,231 केंद्रीय बल कंपनियां तैनात।
भवानीपुर सीट पर ममता-सुवेंदु का कड़ा मुकाबला।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल विधानसभा (विस) चुनाव के दूसरे व अंतिम चरण के तहत बुधवार को सात जिलों की 142 सीटों के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा में वोट पड़ेंगे।
गत 23 अप्रैल को पहले चरण के तहत 16 जिलों की 152 सीटों पर शांतिपूर्ण तरीके से 93.19 प्रतिशत का रिकॉर्ड मतदान हुआ था। इनमें अधिकांश उत्तर बंगाल के जिले थे।
अब दक्षिण बंगाल के सात जिलों कोलकाता, हावड़ा, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हुगली, नदिया व पूर्व बद्र्धमान में वोट पड़ेंगे। इन जिलों में शांतिपूर्ण मतदान कराना चुनाव आयोग के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी, हालांकि उसने भी कमर कस रखी है और सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं।
इस चरण में केंद्रीय बलों की 2,231 कंपनियों यानी दो लाख से अधिक जवानों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ करीब 40 हजार पुलिसकर्मी भी मुस्तैद रहेंगे। कोलकाता में सबसे अधिक (273) कंपनियां तैनात रहेंगी।
पहले चरण में मतदान केंद्रों के अंदर व बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जबकि दूसरे चरण में सुरक्षा और कड़ी करते हुए बूथों पर जाने के रास्तों में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। यही नहीं, ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी। इस चरण में पुलिस पर्यवेक्षकों की संख्या भी 84 से बढ़ाकर 95 की गई है।
-1777389865835.jpg)
भवानीपुर पर सबकी नजर
दूसरे चरण में सबकी नजर कोलकाता की भवानीपुर सीट पर रहेगी, जहां मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी और बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी में मुकाबला है।
सुवेंदु नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां पहले चरण में मतदान हो चुका है। सुवेंदु ने 2021 के चुनाव में नंदीग्राम में ममता को हराया था।
दूसरे चरण में कुल 1,448 प्रत्याशी हैं, जिनमें फिरहाद हकीम, अरूप बिश्वास, जावेद खान, सुजीत बसु, शशि पांजा समेत ममता सरकार के कई मंत्री, बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार, माकपा की तेज-तर्रार नेता मीनाक्षी मुखर्जी व दीप्शिता धर शामिल हैं।
आरजी कर अस्पताल में दुष्कर्म व हत्या की शिकार हुईं डॉक्टर की मां व संदेशखाली आंदोलन का चेहरा रेखा पात्र भी अंतिम चरण की प्रत्याशी हैं।
-1777390191693.jpg)
गर्मी के बाद अब बारिश की चुनौती
पहले चरण के मतदान के दिन भीषण गर्मी का प्रकोप देखा गया था। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री पर पहुंच गया था, लेकिन लोगों ने इसे धता बताकर जमकर वोट डाले थे। वहीं दूसरे चरण में बारिश चुनौती पेश करने की तैयारी में है।
मौसम विभाग ने बुधवार को मतदान वाले समस्त जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इसे लेकर सतर्कता भी जारी की गई है, हालांकि आयोग को विश्वास है कि दूसरे चरण में वोट प्रतिशत और बढ़ेगा और नया रिकार्ड बनेगा।
अंतिम चरण का लेखा-जोखा
कुल जिले : 07
पुरूष मतदाता : 1,64,74,306
महिला मतदाता : 1,57,40,162
तृतीय लिंग मतदाता : 792
पहली बार मतदान करने जा रहे : 4,12,668
पुरूष प्रत्याशी : 1,228
महिला प्रत्याशी : 220
कुल मतदान केंद्र : 41,001
माडल मतदान केंद्र : 258
जिलावार सीटों की संख्या
कोलकाता : 11
उत्तर 24 परगना : 33
दक्षिण 24 परगना : 07
हावड़ा : 16
हुगली : 18
नदिया : 17
पूर्व बद्र्धमान : 16
जिलावार मतदाताओं की संख्या (सर्विस मतदाताओं को छोड़कर)
जिला पुरूष महिला तृतीय लिंग कुल
नदिया : 2055024 1899787 71 3954882
उत्तर 24 परगना : 3622800 3489110 192 7112102
दक्षिण 24 परगना 3891710 3709551 257 7601518
हावड़ा : 1850003 1758758 80 3608841
हुगली 2199070 2162237 85 4361392
पूर्व बद्र्धमान : 1915117 1856593 47 3771757
कोलकाता : 901903 861382 60 1763345
यहां मुस्तैद रहेंगी केंद्रीय बलों की इतनी कंपनियां
कोलकाता : 273
पूर्व बद्र्धमान : 260
हुगली ग्रामीण : 234
बारुईपुर पुलिस डिस्ट्रिक्ट : 161
बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट : 160
कृष्णानगर पुलिस डिस्ट्रिक्ट : 158
हावड़ा ग्रामीण : 147
डायमंड हार्बर पुलिस डिस्ट्रिक्ट : 135
राणाघाट पुलिस डिस्ट्रिक्ट : 127
बशीरहाट पुलिस डिस्ट्रिक्ट : 123
सुंदरबन पुलिस डिस्ट्रिक्ट : 113
बारासात पुलिस डिस्ट्रिक्ट : 112
हावड़ा पुलिस कमिश्नरेट : 110
चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट : 83
बनगांव पुलिस डिस्ट्रिक्ट : 62
बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट : 50
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट : 13
कुल : 2,321 कंपनियां
2021 में इन जिलों का वोट प्रतिशत
1. नदिया : 84.3 प्रतिशत
2. दक्षिण 24 परगना : 82.3 प्रतिशत
3. उत्तर 24 परगना : 83.7 प्रतिशत
4. हावड़ा : 79.9 प्रतिशत
5. हुगली : 83.1 प्रतिशत
6. पूर्व बद्र्धमान : 86.1 प्रतिशत
7. कोलकाता : 62.3 प्रतिशत
कुल औसत : 80.24 प्रतिशत
2021 के विस चुनाव में बंगाल में कुल मतदान : : 82.30 प्रतिशत
