बंगाल में सरकारी कर्मचारियों को राहत, 30 नवंबर तक जमा करा सकेंगे स्वास्थ्य साथी और आयुष्मान कार्ड
बंगाल सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को स्वास्थ्य साथी व आयुष्मान भारत कार्ड लौटाने की समय सीमा 30 नवंबर तक बढ़ा दी है।

बंगाल में सरकारी कर्मचारियों को राहत
HighLights
स्वास्थ्य साथी, आयुष्मान कार्ड लौटाने की समय सीमा बढ़ी।
अब 30 नवंबर तक जमा कर सकेंगे सरकारी कर्मचारी।
केवल पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य योजना का लाभ मिलेगा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को स्वास्थ्य साथी तथा आयुष्मान भारत कार्ड लौटाने के लिए राज्य सरकार ने एक महीने की अतिरिक्त मोहलत दी है। अब वे 30 नवंबर तक इन कार्डों को जमा कर सकेंगे।पहले इसके लिए 31 अक्टूबर अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी।
राज्य सरकार ने शुक्रवार को नया दिशानिर्देश जारी कर समयसीमा बढ़ाने की जानकारी दी। माना जा रहा है कि बड़ी संख्या में कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के कार्ड जमा करने की प्रक्रिया पूरी नहीं होने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
केवल पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य योजना का मिलेगा लाभ
उल्लेखनीय है कि राज्य सचिवालय नवान्न ने नौ अक्टूबर को जारी आदेश में स्पष्ट किया था कि राज्य सरकार के कर्मचारी, पेंशनभोगी और उन पर आश्रित परिवार के सदस्य केवल पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य योजना (डब्ल्यूबीएचएस) के तहत ही चिकित्सा सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे।
सरकार के संज्ञान में आया था कि डब्ल्यूबीएचएस के दायरे में आने के बावजूद कुछ सरकारी कर्मचारी, पेंशनभोगी और अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों ने अपने तथा परिवार के सदस्यों के लिए स्वास्थ्य साथी और आयुष्मान भारत कार्ड बनवा रखे हैं।
इसके बाद राज्य के वित्त विभाग ने निर्देश दिया था कि ऐसे सभी लाभार्थियों को स्वास्थ्य साथी और आयुष्मान भारत कार्ड वापस करने होंगे। साथ ही कार्ड जमा करने के प्रमाण और निर्धारित घोषणा पत्र भी संबंधित कार्यालय में देना होगा।
आदेश नहीं मानने पर कार्रवाई की चेतावनी
सरकारी कर्मचारियों को अपने विभागीय प्रमुख के पास और पेंशनभोगियों को उस कार्यालय में दस्तावेज जमा करने होंगे, जहां उन्होंने पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य योजना के लिए आवेदन किया था।
सरकार ने निर्धारित समयसीमा में निर्देश का पालन नहीं करने पर डब्ल्यूबीएचएस के तहत मिलने वाली चिकित्सा सुविधाएं अस्थायी रूप से निलंबित करने की चेतावनी दी है।
वहीं, सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है। नए आदेश के बाद अब संबंधित कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को कार्ड लौटाने तथा आवश्यक दस्तावेज जमा करने के लिए 30 नवंबर तक का समय मिल गया है।
यह भी पढ़ें- कोलकाता में साउथ सिटी काम्प्लेक्स की 28वीं मंजिल पर लगी आग, मची अफरातफरी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।