विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में पांच साल बाद सामने आए डेंगू के आंकड़े, 2023 में एक लाख से अधिक संक्रमित; 79 की मौत

Published: Fri, 27 Nov 2026 06:45 PM (IST)

बंगाल सरकार ने पांच साल बाद डेंगू संक्रमण और मौतों के आंकड़े सार्वजनिक किए हैं। वर्ष 2023 में राज्य में एक लाख से अधिक डेंगू मामले और 79 मौतें दर्ज की गईं।

बंगाल में पांच साल बाद सामने आए डेंगू के आंकड़े (प्रतीकात्मक फोटो)

बंगाल में पांच साल बाद सामने आए डेंगू के आंकड़े (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. बंगाल में पांच साल बाद डेंगू के आंकड़े जारी हुए।

  2. 2023 में एक लाख से अधिक मामले, 79 मौतें दर्ज हुईं।

  3. नई सरकार ने पारदर्शिता का वादा पूरा किया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में डेंगू को लेकर पिछले पांच वर्षों से सार्वजनिक नहीं किए जा रहे आंकड़े अब सामने आ गए हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने वर्ष 2021 से 2026 तक डेंगू संक्रमण और इससे हुई मौतों के आंकड़े जारी किए हैं। इसके साथ ही चिकनगुनिया से संबंधित जानकारी भी सार्वजनिक की गई है।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023 में राज्य में डेंगू के एक लाख से अधिक मामले सामने आए थे और 79 लोगों की मौत हुई थी। नई भाजपा सरकार के गठन के बाद स्वास्थ्य भवन में डेंगू की स्थिति की समीक्षा के लिए हुई बैठक में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्पष्ट किया था कि अब बीमारी से जुड़े आंकड़े नहीं छिपाए जाएंगे।

सूत्रों के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग ने समीक्षा बैठक के बाद वर्ष 2021 से 2026 तक के आंकड़े राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनवीबीडीसीपी) को भेजे हैं। इससे पिछले वर्षों में डेंगू संक्रमण की वास्तविक स्थिति सामने आई है।

इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, तत्कालीन विपक्षी दलों और चिकित्सक संगठनों ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तत्कालीन तृणमूल सरकार पर डेंगू के आंकड़े छिपाने और केंद्र को जानकारी नहीं देने के आरोप लगाए थे।

तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार ने 2022 और 2023 में कई बार आरोप लगाया था कि बंगाल सरकार डेंगू संक्रमण और मौतों का आंकड़ा केंद्र के पोर्टल पर अपलोड नहीं कर रही है। इससे केंद्र के लिए बीमारी की स्थिति का आकलन करने और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने में परेशानी हो रही थी।

आंकड़े नहीं देने के कारण डेंगू नियंत्रण के लिए केंद्र से राज्यों को मिलने वाली आर्थिक सहायता भी बंगाल के लिए रोक दी गई थी। हालांकि, तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री शोभनदेव चट्टोपाध्याय का तर्क था कि स्वास्थ्य राज्य का विषय है और केंद्र को डेंगू के आंकड़े भेजना अनिवार्य नहीं है।

स्वास्थ्य भवन का कहना था कि केंद्र से मिलने वाली राशि की तुलना में राज्य सरकार अपने खजाने से कहीं अधिक खर्च करती है।

चिकित्सकों ने आंकड़े सार्वजनिक करने का किया स्वागत

चिकित्सक संगठन एसोसिएशन आफ हेल्थ सर्विस डाक्टर्स ने भी आंकड़े छिपाने का विरोध किया था। संगठन के महासचिव डॉ. मानस गुमटा का कहना था कि जानकारी दबाकर डेंगू पर नियंत्रण नहीं किया जा सकता, बल्कि इससे भ्रम की स्थिति पैदा होती है।

वर्ष 2022 और 2023 में कोलकाता, उत्तर 24 परगना, नदिया और मुर्शिदाबाद समेत कई जिलों में डेंगू का प्रकोप गंभीर हो गया था। निजी अस्पतालों में लगातार मौतों की खबरें सामने आई थीं।

सरकारी चिकित्सक अरुणाचल दत्त चौधरी ने भी आंकड़े सार्वजनिक करने के फैसले का स्वागत किया है। उनका आरोप रहा है कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में चिकित्सकों को डेंगू के बजाय अज्ञात बुखार लिखने का निर्देश दिया गया था। इस निर्देश की अनदेखी करने पर उन्हें निलंबित भी किया गया था।

सेवानिवृत्ति से पहले निलंबन वापस हुआ, लेकिन उनका तबादला उत्तर बंगाल कर दिया गया था। उनका कहना है कि बीमारी से संबंधित वास्तविक आंकड़े सामने नहीं आने पर चिकित्सकों की तैयारी प्रभावित होती है।

उन्होंने यह भी कहा कि सितंबर तक इस वर्ष डेंगू के नौ हजार से कुछ अधिक मामले सामने आए थे। उनके मुताबिक, सरकार पर दबाव डालने वाले आंकड़े भी बिना किसी हिचक के सार्वजनिक किए जाएं, तभी पारदर्शिता के दावे की वास्तविक परीक्षा होगी।

यह भी पढ़ें- 'आसनसोल-दुर्गापुर में 1000 करोड़ की लागत से बनेगा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल', सीएम शुभेंदु का बड़ा एलान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।