'आसनसोल-दुर्गापुर में 1000 करोड़ की लागत से बनेगा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल', सीएम शुभेंदु का बड़ा एलान
मुख्यमंत्री ने दुर्गापुर में विकास कार्यों की समीक्षा की और आसनसोल-दुर्गापुर में 1000 करोड़ रुपये की लागत से सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने की घोषणा की।
-1795784536152_m.webp)
1000 करोड़ की लागत से बनेगा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल- सीएम शुभेंदु (फोटो-एएनआइ)
HighLights
दुर्गापुर में सीएम ने विकास कार्यों की गहन समीक्षा की।
आसनसोल-दुर्गापुर में 1000 करोड़ का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनेगा।
जल जीवन मिशन पर असंतोष, विस्थापितों के आवास की जांच।
जागरण संवाददाता, दुर्गापुर। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को दुर्गापुर में प्रशासनिक बैठक कर जिले में चल रहे विकास कार्यों, उद्योग, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल व्यवस्था और आधारभूत संरचनाओं की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आसनसोल-दुर्गापुर औद्योगिक और आर्थिक दृष्टि से राज्य ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां सेल, रेल, ईसीएल समेत कई बड़े औद्योगिक संस्थान हैं। इसलिए सभी संबंधित विभागों और संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि पुलिस को खुली छूट दी गई है। पुलिस को गोली चलाने की नौबत क्यों आई, इसकी व्यवस्था भी पुलिस ने ही की है। ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाना, उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना, कामकाज की व्यवस्था बेहतर बनाना, नया बुनियादी ढांचा विकसित करना और पर्यावरण संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है।
पिछले छह महीने से सिंडिकेट, कटमनी और कोयला-बालू के अवैध कारोबार पर रोक लगी हुई है। अड्डा की खाली जमीन को भी व्यवस्थित करने की दिशा में काम किया जाएगा।
जल जीवन मिशन पर जताई नाराजगी
मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के काम पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि सरकारी आंकड़ों के अनुसार 2.94 लाख घरों तक पानी पहुंचाया गया है, लेकिन विधायक अपने क्षेत्रों में देख रहे हैं कि कई जगहों पर अब भी पानी नहीं पहुंचा है।
सीएम ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में इस योजना में लूट हुई है। जिन कंपनियों को काम दिया गया है, उन्हें चेतावनी दी गई है कि 31 दिसंबर तक निर्धारित घरों में पानी नहीं पहुंचा तो संबंधित कंपनियों को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा।
अमृत योजना के काम पर उन्होंने संतोष जताया, लेकिन तीन टेंडर अब तक फाइनल नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। इस मामले को देखने के लिए शहरी विकास विभाग को निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों को सुचारु रूप से पूरा करना होगा।
आसनसोल-दुर्गापुर में बनेगा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि आसनसोल-दुर्गापुर क्षेत्र में मौजूदा चिकित्सा सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं। ईएसआई के अस्पताल को मेडिकल कालेज में बदलने का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में काम नहीं हुआ है।
उनका कहना है कि इमरजेंसी मरीजों को भर्ती किया जाता है, लेकिन ईएसआई कार्ड के दायरे से बाहर के मरीजों को सुविधा नहीं मिलती। ऐसे में आम लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधा कैसे मिलेगी? बेहतर इलाज के लिए लोगों को देवघर जाना पड़ रहा है।
सीएम ने सवाल किया कि जब राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की क्षमता है तो लोगों को दूसरे राज्यों में क्यों जाना पड़े?मुख्यमंत्री ने आसनसोल-दुर्गापुर में एक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने की घोषणा की। इसके लिए सरकार एक हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी। अस्पताल में बर्न यूनिट, शिशु चिकित्सा विभाग समेत आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
अस्पताल निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने के संबंध में जिलाधिकारी को प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा सचिव की ओर से ईसीएल को भी प्रस्ताव दिया गया है। यदि ईसीएल कल्ला अस्पताल मिलता है तो मार्च माह में उसे चालू किया जा सकेगा।
विस्थापितों के लिए बने आवासों की होगी जांच
विस्थापन के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों को हटाने के लिए आवास तैयार किए गए हैं, वे रहने योग्य नहीं हैं। उन्होंने इस मामले में प्लानर और ठेकेदारों के नाम फैक्ट फाइंडिंग कमेटी को सौंपने का निर्देश दिया। संबंधित संस्थागत स्तर पर भी जिम्मेदार लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने एडीएम को विस्थापितों के लिए नई जमीन तलाशने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी या अनुपयोगी जमीन उपलब्ध होती है तो बेहतर होगा, अन्यथा जमीन खरीदी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित लोगों को ढाई कट्ठा जमीन और 10 लाख रुपये देने की व्यवस्था को कहा है, केवल पांच लाख की राशि पर्याप्त नहीं है। उन्होंने मार्च तक इस प्रक्रिया को पूरा करने का लक्ष्य रखा।
मार्च में उद्योगपतियों के साथ होगी बैठक
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह मार्च में दोबारा दुर्गापुर आएंगे। इस दौरान उद्योगपतियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। उनका उद्देश्य स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के पांच आईटीआई संस्थानों को प्रधानमंत्री सेतु योजना से जोड़ा गया है। इसके माध्यम से युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें- ऋतब्रत को नेता प्रतिपक्ष बनाने का फैसला खारिज, स्पीकर को 10 दिन में नए सिरे से निर्णय लेने का निर्देश
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।