विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्या बंगाल में बीजेपी का मुख्यमंत्री हो गया फाइनल? शपथग्रहण की डेट फिक्स, BJP ने कर दिया एलान

Published: Tue, 05 May 2026 09:49 PM (IST)Updated: Tue, 05 May 2026 09:58 PM (IST)

बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद 9 मई को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।

बंगाल में 9 मई को शपथग्रहण (फोटो-पीटीआई)

बंगाल में 9 मई को शपथग्रहण (फोटो-पीटीआई)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद नई सरकार के गठन की कवायद तेज हो गई है और शपथ ग्रहण समारोह की तारीख भी तय हो गई है।

नई सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आगामी नौ मई को कविगुरु रवींद्र नाथ टैगोर की जयंती के दिन आयोजित किया जाएगा।

बंगाल में 9 मई को शपथग्रहण

चुनाव नतीजों के एक दिन बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने मंगलवार को संवाददाताओं से बातचीत में इसकी जानकारी दी। हालांकि नए मुख्यमंत्री के नाम की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।

पार्टी के संसदीय बोर्ड ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बंगाल में भाजपा विधायक दल का नेता यानी नया मुख्यमंत्री चुनने के लिए मंगलवार को केंद्रीय पर्यवेक्षक जबकि ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माजी को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में होने की संभावना है। हालांकि भाजपा ने स्थान की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन पूरी संभावना है कि बंगाल में पहली बार भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद शपथ समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए ब्रिगेड मैदान में इसका आयोजन हो सकता है, जिसकी तैयारी भी शुरू कर दी गई है।

शपथ समारोह में मोदी-शाह समेत कई दिग्गज रहेंगे मौजूद

भाजपा सूत्रों ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। प्रदेश भाजपा के अनुसार, पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक इस समारोह का गवाह बनेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष भट्टाचार्य ने आगे बताया कि नौ मई का दिन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि उस दिन कविगुरु रवीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती भी है। उन्होंने आगे कहा कि बंगाल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत बेहद समृद्ध रही है।

राजाराम मोहन राय, सुभाष चंद्र बोस, स्वामी विवेकानंद और रवीन्द्रनाथ जैसी महान हस्तियों की यह भूमि है। राज्य की इसी गरिमा और पहचान को फिर से स्थापित करने की दिशा में नई सरकार काम करेगी।

राइटर्स बिल्डिंग से चलेगी नई भाजपा सरकार

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि नई भाजपा सरकार का संचालन राइटर्स बिल्डिंग (पुराने राज्य सचिवालय) से किया जाएगा। यानी निवर्तमान मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने जिस नबान्न बिल्डिंग (नए राज्य सचिवालय) से 15 साल तक राज्य में शासन चलाया, उसकी जगह भाजपा पुराने राज्य सचिवालय से सत्ता चलाएगी।

मालूम हो कि सोमवार को चुनाव नतीजे आने बाद से ही मध्य कोलकाता में स्थित ऐतिहासिक राइटर्स बिल्डिंग की साफ- सफाई भी शुरू हो चुकी है। इस बीच राज्य के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों व इंजीनियरों ने मंगलवार दिन में राइटर्स बिल्डिंग का दौरा कर जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार, राइटर्स बिल्डिंग से फिलहाल मुख्यमंत्री कार्यालय सहित कुछ महत्वपूर्ण विभागों के कार्यालय संचालित होंगे और फिर धीरे-धीरे यहां विभागों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

मालूम हो कि अंग्रेजों के जमाने के ऐतिहासिक राइटर्स बिल्डिंग का पिछले कई वर्षों से जीर्णोद्धार का काम चल रहा है। 2011 में लगातार 34 साल के वाममोर्चा शासन का अंत कर सत्ता में आने के बाद ममता बनर्जी राज्य सचिवालय को राइटर्स बिल्डिंग से स्थानांतरित कर नबान्न (हावड़ा के मंदिरतल्ला) में लेकर चली गई थीं।

अब प्रचंड जीत के बाद भाजपा खुद को बंगाली संस्कृति के करीब दिखाना चाहती है, इसलिए वह नई सरकार का राज्य सचिवालय फिर से राइटर्स बिल्डिंग में बनाना चाहती है।

यह भी पढ़ें- किसके सिर सजेगा बंगाल का ताज? मुख्यमंत्री की रेस में 5 नाम, क्या है BJP का प्लान

यह भी पढ़ें- ममता बनर्जी ने नहीं दिया इस्तीफा तो कैसे बनेगा BJP का मुख्यमंत्री; क्या कहता है नियम?