विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चक्रवात 'अकवान' से प्रभावित 5.73 लाख किसानों को मुआवजा, 48 घंटे में जलनिकासी का निर्देश

Published: Sun, 22 Nov 2026 09:24 PM (IST)

राज्य सरकार ने चक्रवात अकवान के अप्रत्यक्ष प्रभाव से हुई भारी बारिश के कारण फसल क्षति झेल रहे 5.73 लाख किसानों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। 

5.73 लाख किसानों को फसल क्षति पर मुआवजा मिलेगा। (मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, फाइल फोटो)

5.73 लाख किसानों को फसल क्षति पर मुआवजा मिलेगा। (मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, फाइल फोटो)

HighLights

  1. 5.73 लाख किसानों को फसल क्षति पर मुआवजा मिलेगा।

  2. प्रति हेक्टेयर 17,000 रुपये तक की आर्थिक सहायता घोषित।

  3. अमन धान, केला, पपीता सहित कई फसलें प्रभावित हुईं।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। चक्रवात अकवान के अप्रत्यक्ष प्रभाव से हुई भारी बारिश के कारण फसल क्षति झेल रहे किसानों को राहत देने के लिए राज्य सरकार ने मुआवजे की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को नवान्न में बताया कि 5.73 लाख किसानों को जिला प्रशासन के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके लिए बीडीओ की मदद से प्रभावित किसानों की सूची तैयार की गई है। नुकसान का विस्तृत आकलन करने के लिए तीन सचिवों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, पका अमन धान कटाई के लिए तैयार था, लेकिन खेतों में पानी जमा होने से उसके सड़ने का खतरा है। केला, पपीता, सरसों, मसूर, आलू के बीज, सब्जियों, पान के बरेज और फूलों की खेती को भी नुकसान पहुंचा है।

केला और पपीते की करीब 1.60 लाख हेक्टेयर तथा अमन धान की 1,31,384 हेक्टेयर भूमि सर्वाधिक प्रभावित हुई है। हुगली, हावड़ा, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, झाड़ग्राम, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर और पुरुलिया के किसान प्रभावित हुए हैं।

फसल के अनुसार मिलेगी आर्थिक सहायता

सरकार के अनुसार, सामान्य फसल क्षति पर प्रति हेक्टेयर 17 हजार रुपये और बागान के प्रति डिसमिल दो हजार रुपये दिए जाएंगे। वर्षा आधारित क्षेत्रों में यह सहायता क्रमश: 8,500 और एक हजार रुपये होगी।

बहुवर्षीय फसलों के लिए प्रति हेक्टेयर 22,500 रुपये और प्रति डिसमिल 2,500 रुपये दिए जाएंगे। वहीं, 11 नवंबर की ओलावृष्टि से मालदा के तीन प्रखंडों में प्रभावित 19 हजार किसानों को 8.12 करोड़ रुपये मिलेंगे। हावड़ा, पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना के 9,240 पान उत्पादकों को भी 2.31 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

बीज वितरण और जलनिकासी पर जोर

नई बुआई के लिए 29 हजार किसानों को मूंग और मूंगफली तथा 19 हजार किसानों को गर्मी की सब्जियों के बीज दिए जाएंगे। इस पर पांच करोड़ रुपये खर्च होंगे।

मुख्यमंत्री ने 48 घंटे के भीतर जलभराव वाले खेतों से पानी निकालने का निर्देश दिया है। इसके लिए सिंचाई विभाग, बीडीओ और संबंधित अभियंताओं को सक्रिय रहने को कहा गया है।

प्रभावित इलाकों में फसल बीमा शिविर लगाने और आलू को शीतगृहों से निकालने के लिए सब्सिडी देने की भी बात कही गई है। इसके अलावा औद्योगिक निवेश के लिए जमीन की समस्या दूर करने के उद्देश्य से पुरुलिया, सिंगुर, दुर्गापुर, बैरकपुर, भांगर और न्यू टाउन में सीधे जमीन खरीदने पर जोर देने की बात कही गई है।

यह भी पढ़ें- बंगाल में चक्रवात अकवान का कहर: भारी बारिश से धान की फसल पर संकट, किसानों ने मांगा मुआवजा

यह भी पढ़ें- बंगाल: सभी स्कूलों में 26 नवंबर को मनेगा संविधान दिवस, प्रस्तावना पाठ समेत होंगी कई गतिविधियां

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।