विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तृणमूल उम्मीदवारों की सूची में 11 वकील, 10 डॉक्टर और 64 कारोबारी; एक पूर्व क्रिकेटर को भी मौका

Published: Wed, 18 Mar 2026 10:22 PM (GMT+05:30)

तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 291 उम्मीदवारों की सूची जारी की है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के ...और पढ़ें

28 उम्मीदवार शिक्षा क्षेत्र से एक पूर्व क्रिकेटर और दो संगीतकार को भी मौका (फाइल फोटो)

28 उम्मीदवार शिक्षा क्षेत्र से एक पूर्व क्रिकेटर और दो संगीतकार को भी मौका (फाइल फोटो)

HighLights

  1. तृणमूल ने 291 सीटों पर उम्मीदवारों की सूची जारी की।

  2. 11 वकील, 10 डॉक्टर, 64 कारोबारी, 28 शिक्षाविद शामिल हैं।

  3. नए फिल्मी सितारों की बजाय संगठनात्मक नेताओं को प्राथमिकता मिली।

राजीव कुमार झा, कोलकाता। बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार के रूप में इस बार अलग-अलग क्षेत्रों के कई नए लोगों को मौका दिया है। मुख्यमंत्री व तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी द्वारा मंगलवार को राज्य की कुल 294 में से सभी 291 सीटों के लिए जारी सूची में कई पेशेवर व्यक्तियों, खिलाडिय़ों और विभिन्न क्षेत्र के चेहरों का मिश्रण शामिल है।

दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र की तीन सीटें पार्टी ने सहयोगी दल के लिए छोड़ी है। तृणमूल उम्मीदवारों के पेशे के आधार पर किए गए विश्लेषण से पता चलता है कि इस बार पार्टी ने 11 वकीलों, 10 डाक्टरों, 64 कारोबारी और 28 शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों को टिकट दिया है। पार्टी की सूची में एक क्रिकेटर, दो संगीतकार और तीन पत्रकार भी शामिल हैं, जिन्हें पार्टी ने मैदान में उतारा है।

शिक्षक, वकील व डाक्टर से लेकर धर्मगुरु तक सूची में शामिल हैं। पार्टी ने दुनिया के सबसे कम उम्र के हेडमास्टर के रूप में मशहूर बाबर अली (32) को भी चुनाव में उतारा है और उन्हें मुर्शिदाबाद जिले की जलंगी सीट से उम्मीदवार बनाया है। धर्मगुरु के तौर पर पार्टी ने उत्तर 24 परगना जिले की आमडांगा सीट से फुरफुरा शरीफ के पीरजादा कासिम सिद्धीकी को उतारा है।

भाजपा ने भी उतारे हैं 23 शिक्षक, छह वकील व पांच डॉक्टर

मालूम हो कि राज्य की मुख्य विपक्षी भाजपा ने भी विभिन्न पेशे के लोगों को चुनाव में उतारा है। भाजपा से तुलना करें तो पार्टी द्वारा अब तक घोषित 144 उम्मीदवारों की पहली सूची में 23 शिक्षक, छह वकील, पांच डाक्टर, तीन पत्रकार, आठ सामाजिक कार्यकर्ता, तीन आध्यात्मिक क्षेत्र से, तीन सेवानिवृत्त सैनिक, एक लोक गायक और एक सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं।

किसी नए फिल्मी सितारे को मौका नहीं

तृणमूल ने इस बार अपनी परंपरा से हटकर बांग्ला फिल्म उद्योग टालीवुड से किसी नए चेहरे को मौका नहीं दिया है। इससे पहले हर चुनाव में तृणमूल टालीवुड से नए-नए सितारों को मौका देती रही है। इस बार पार्टी ने टालीवुड से चार पुराने चेहरे को ही मौका दिया है। इसमें तीन ने पिछले विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी जबकि एक ने बाद में उपचुनाव में जीत दर्ज की थी।

2021 में चुनाव जीतने वाले फिल्मी सितारों में फिल्म निर्देशक राज चक्रवर्ती, अभिनेत्री लवली मैत्रा और अभिनेता सोहम चक्रवर्ती हैं। राज चक्रवर्ती और लवली मैत्रा को उनके मौजूदा निर्वाचन क्षेत्रों से ही टिकट दिया गया है। वहीं, सोहम को पूर्व मेदिनीपुर के चांदीपुर से हटाकर नदिया जिले की करीमपुर से उतारा गया है।

इसके अलावा कोलकाता की बरानगर सीट से पिछले साल उपचुनाव में जीत करने वाली अभिनेत्री सायंतिका बनर्जी को उसी सीट से फिर से उतारा है। हालांकि इस बार पार्टी का समग्र जोर मशहूर हस्तियों के बजाय संगठनात्मक चेहरों पर बना हुआ है, जो पहले के चुनावों से एक महत्वपूर्ण बदलाव है।

पार्टी ने संगठन पर पकड़ रखने वाले नेताओं को तरजीह दी है। तृणमूल के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने चर्चित हस्तियों की तुलना में जमीनी स्तर पर जुड़ाव रखने वाले नेताओं को प्राथमिकता दी है। नेतृत्व ने जानबूझकर स्टार चेहरों से परहेज किया।

74 विधायकों के काटे गए हैं टिकट

मालूम हो कि पार्टी ने इस बार बड़ा बदलाव करते हुए 74 मौजूदा विधायकों को टिकट नहीं दिया है और उनकी जगह नए व विशेषकर युवा चेहरों को मौका दिया है। पार्टी ने कई नए चेहरे पेश किए हैं, जिनमें कोलकाता की मानिकतला सीट से पूर्व मंत्री दिवंगत साधन पांडेय की पुत्री श्रेया पांडे और हुगली की उत्तरपाड़ा सीट से वरिष्ठ तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी के बेटे सिर्सन बनर्जी को उतारा है।

पार्टी ने सामाजिक संतुलन पर जोर देते हुए इस बार 52 महिलाओं, अनुसूचित जाति (एससी) से 78 लोगों, अनुसूचित जनजाति (एसटी) से 17 और मुस्लिम समुदाय से 47 लोगों को टिकट दिया है। वहीं, भाजपा द्वारा घोषित 144 उम्मीदवारों में 62 सामान्य श्रेणी के, 20 ओबीसी श्रेणी के, 48 उम्मीदवार एससी श्रेणी के जबकि 14 उम्मीदवार एसटी) श्रेणी के हैं।

टिकट बंटते ही TMC में घमासान, सड़क पर आई अंदरुनी कलह; कई जगहों पर हिंसक झड़प

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।