टिकट बंटते ही TMC में घमासान, सड़क पर आई अंदरुनी कलह; कई जगहों पर हिंसक झड़प
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस द्वारा 291 सीटों पर उम्मीदवारों की सूची जारी होते ही पार्टी में घमासान मच गया है।
-1773848127718_m.webp)
TMC उम्मीदवारों की सूची के बाद पार्टी में आंतरिक कलह

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस द्वारा सभी 291 सीटों पर मंगलवार को उम्मीदवारों की सूची जारी करने के बाद से ही पार्टी के भीतर घमासान छिड़ गया है।
टिकट से वंचित विधायकों व नेताओं के समर्थकों ने बुधवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में पार्टी के स्थानीय व शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ जबर्दस्त विरोध प्रदर्शन किया। टिकट को केंद्र कर कई जगहों पर पार्टी के दो गुटों में हिंसक झड़प से लेकर बमबाजी की घटनाएं भी सामने आई है।
टिकट नहीं मिलने से नाराज नेताओं व कार्यकर्ताओं ने कई जगहों पर सड़क अवरुद्ध कर और टायर जलाकर विरोध जताया और पार्टी नेतृत्व के खिलाफ बगावत के सुर बुलंद किए। कुछ जगहों पर पार्टी दफ्तरों में भी तोडफ़ोड़ की घटना सामने आई है।

TMC की सूची के बाद पार्टी में आंतरिक कलह
दक्षिण 24 परगना जिले के गोसाबा विधानसभा इलाके में टिकट को केंद्र कर तृणमूल के दो गुटों के बीच हिंसक संघर्ष में बिप्रदासपुर पंचायत के उप प्रधान और उनके समर्थक गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले का आरोप पंचायत प्रधान के पति व उनके समर्थकों पर है।
उधर, पूर्व बद्र्धमान जिले की मंतेश्वर सीट से मंत्री सिद्दीकुल्ला चौधरी को एक बार फिर उम्मीदवार बनाए जाने के बाद तृणमूल के दो गुट आपस में भिड़ गए और जमकर झड़प हुई। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ी। इस दौरान एक कार्यकर्ता के घर बम फेंके जाने का भी आरोप है।
नेताओं और समर्थकों ने किया विरोध
दरअसल, पार्टी के मंतेश्वर ब्लाक अध्यक्ष अहमद हुसैन और पुस्तकालय मंत्री सिद्दीकुल्ला चौधरी के बीच विवाद लंबे समय से चल रहा है। सूत्रों के अनुसार, सिद्दीकुल्ला चौधरी के नाम की घोषणा के बाद उनके समर्थकों ने पटाखे फोडऩे शुरू कर दिए। जिसके बाद अहमद के गुट के साथ उनकी झड़प हो गई। इसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घटनास्थल पर भारी पुलिस बल मौजूद है।
उधर, पूर्व बद्र्धमान के खंडघोष से नवीन बाग को उम्मीदवार बनाए जाने से स्थानीय पार्टी नेताओं के भीतर भारी असंतोष फैल गया। पार्टी के ब्लाक अध्यक्षों, जिला परिषद के सदस्यों व पंचायत सदस्यों ने उनकी उम्मीदवारी के खिलाफ सामूहिक इस्तीफे की धमकी दी है। पार्टी के एक समूह का स्पष्ट कहना है कि वह नवीन बाग को किसी भी हालत में उम्मीदवार के रूप में स्वीकार नहीं करेंगे। मालूम हो कि तृणमूल ने इस बार 74 विधायकों के टिकट काट दिए हैं और उनकी जगह नए और युवा चेहरों को मौका दिया है।

तृणमूल विधायक का छलका दर्द
इधर, हुगली के बालगढ़ से दोबारा टिकट नहीं मिलने से नाराज तृणमूल विधायक मनोरंजन व्यापारी ने राजनीति छोडऩे के संकेत दिए हैं। फेसबुक पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि कोई हमेशा के लिए नहीं रहता। इसी तरह टिकट नहीं मिलने से भड़के हुगली के चुंचुड़ा से तीन बार के विधायक असित मजूमदार ने कहा कि अब और राजनीति नहीं करूंगा।
इसी तरह उत्रत्त 24 परगना जिले के आमडांगा से तीन बार के तृणमूल विधायक रफीकुर रहमान ने पार्टी नेतृत्व से आग्रह किया कि वे इस सीट पर नए उम्मीदवार को उतारने के फैसले पर पुनर्विचार करें। इस सीट से रहमान की जगह पीरजादा कासिम सिद्दीकी को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। रहमान के समर्थकों ने आमडांगा-काकिनारा रोड को जाम कर दिया, टायर जलाए और पार्टी नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।