पूर्व तृणमूल विधायक शौकत मोल्ला की डिग्री पर विवाद, अभिषेक बनर्जी समेत कई लोगों के खिलाफ FIR
भाजपा नेता अभिजीत दास ने पूर्व तृणमूल विधायक शौकत मोल्ला की शैक्षणिक योग्यता पर सवाल उठाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है।
-1784302284843_m.webp)
TMC के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला और अभिषेक बनर्जी के खिलाफ FIR (फोटो-पीटीआई)
HighLights
भाजपा नेता ने शौकत मोल्ला की डिग्री पर सवाल उठाए।
अभिषेक बनर्जी सहित कई नाम फर्जी डिग्री रैकेट में शामिल।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, सच्चाई का पता लगाएगी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला की शैक्षणिक योग्यता व चुनावी हलफनामे में दी गई जानकारी पर प्रश्न उठाते हुए भाजपा नेता अभिजीत दास ने बारुईपुर के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
अभिजीत दास ने शौकत के फर्जी डिग्री व प्रमाणपत्र तैयार करने वाले गिरोह से जुड़े होने का भी संदेह जताया है। प्राथमिकी में तृणमूल (ममता गुट) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी, उनके सहयोगी सुमित राय और अयन घोष दस्तीदार सहित अन्य लोगों के भी नाम हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अभिजीत दास ने शौकत मोल्ला की शैक्षणिक योग्यता पर उठाए सवाल
भाजपा नेता के अनुसार पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान आयोग को दिए गए हलफनामे में शौकत ने दावा किया था कि उन्होंने राजनीति विज्ञान में एमए किया है और राजस्थान के एक विश्वविद्यालय से नियमित (रेगुलर) पाठ्यक्रम के तहत स्नातक की डिग्री हासिल की है।
अभिजीत दास ने सवाल उठाया कि 2016 से कैनिंग पूर्व से विधायक रहने के दौरान शौकत मोल्ला नियमित रूप से राजस्थान जाकर पढ़ाई कैसे कर सकते थे और डिग्री कैसे प्राप्त की?
अभिजीत ने दावा किया कि शौकत की वास्तविक शैक्षणिक योग्यता इससे कहीं कम है और यह पूरा मामला फर्जी डिग्री एवं प्रमाणपत्र रैकेट का हिस्सा हो सकता है।
एफआइआर में अभिषेक और उनके सहयोगियों के नाम शामिल करने पर अभिजीत ने कहा कि शौकत अभिषेक के करीबी माने जाते हैं। लंबे समय से दस्तावेज के तौर पर फर्जी डिग्रियों के इस्तेमाल के पीछे किसी प्रभावशाली व्यक्ति या मध्यस्थ की भूमिका रही हो सकती है। इसी आशंका के आधार पर उन्होंने अभिषेक और उनके सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की मांग की है।
